-सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, आमजन बेहाल

-कस्बा, बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा

CHANDAULI: सर्दी का सितम धीरे-धीरे गहराने लगा है। गिरते तापमान की वजह से दिन में भी कंपकपी हो रही है। शुक्रवार की सुबह मौसम के अचानक करवट बदलने से सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन में जहां इजाफा हो गया, वहीं ठंड में गलन ने आमजन जीवन का हाल बेहाल कर दिया। हालांकि सुबह से ही धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन गलन दिन भर बरकरार रही। ठंड के कारण आम दिनों की अपेक्षा कस्बा बाजारों में शाम होते ही सन्नाटा पसर गया।

सर्द हवाओं ने बढ़ायी गलन

एक सप्ताह से ठंड में गलन की गति तेज हो गई है। सुबह हो या शाम लोग गलन के चलते हाल परेशान हैं। शुक्रवार को मौसम के अचानक करवट बदलने से सर्द हवाओं ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज हवा में ठंड की गति से लोग सिहर उठे। स्थिति यह हुई कि न तो घर में ही चैन मिल पा रहा था और ना ही बाहर। घर में रहने पर गलन से लोग परेशान रहे तो बाहर निकलने पर ठंडी हवा ने तन, मन को कंपा दिया।

धूप ने दी थोड़ी राहत

वैसे धूप निकलने के कारण आमजन को थोड़ी राहत जरूर मिली। लेकिन शाम होते ही लोग बाग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। वहीं गांव गिरांव में खेती किसानी में जुटे लोगों पर ठंड का विपरीत असर पड़ा। शाम होते ही सिवान छोड़ लोग घर चले गए।

प्रशासन उदासीन

जिला प्रशासन की ओर से भले ही ठंड से बचाव के लिए दावे किए जा रहे हैं। लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल अलग है। प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों में न तो गर्म कपड़ाें का वितरण किया जा रहा है और न ही अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है। गांव तो दूर नगरों में भी अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में गरीब तबका ठिठुरने को मजबूर देखा जा रहा है।

Posted By: Inextlive