- लोहरदगा के सदर हॉस्पिटल का मामला जांच के आदेश - बोकारो की संक्रमित महिला की

- लोहरदगा के सदर हॉस्पिटल का मामला, जांच के आदेश

- बोकारो की संक्रमित महिला की रिम्स में मौत, ब्रेन हेमरेज से थी पीडि़त

- 86 नए केस मिले, 519 मरीज अबतक हुए ठीक

लोहरदगा सदर हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक कोरोना इन्फेक्टेड मरीज ने सोमवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद वह तनाव में था। उसने गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वास्थ्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच का आदेश दिया है। स्वास्थ्य सचिव ने लोहरदगा की उपायुक्त आकांक्षा रंजन को जांच का आदेश देते हुए कहा है कि सदर अस्पताल के वार्ड में इस तरह की घटना होना आश्चर्यजनक है। उन्होंने उपायुक्त को वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों की टीम गठित कर इस घटना की जांच कराने तथा दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।

रिम्स में महिला मरीज की मौत

मंगलवार को बोकारो की कोरोना पॉजिटिव महिला मरीज की रिम्स में मौत हो गई। राज्य में कोरोना संक्रमित की यह आठवीं मौत है। हालांकि, महिला पहले ही दिल की बीमारी से पीडि़त थी तथा उसका ब्रेन हैमरेज भी हुआ था। वह तीन जून को बूटी मोड़ स्थित मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती हुई थी, जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया था।

86 नए केस भी मिले

राज्य में कोरोना के इन्फेक्शन की रफ्तार बढ़ी है। बाहर से आ रहे प्रवासियों में सबसे ज्यादा इन्फेक्शन पाया जा रहा है। हालांकि, अबतक 519 संक्रमित ठीक भी हो चुके हैं। मंगलवार को 86 नए केस मिले। सिमडेगा में 24, लोहरदगा में नौ, जमशेदपुर में सात तथा पश्चिमी सिंहभूम में 10, गुमला में तीन, चतरा में छह, गढ़वा में दो, रामगढ़ में तीन, पलामू में दो तथा कोडरमा में 16 नए मामले मिले हैं। बताया जाता है कि रिम्स में भर्ती चार मरीज भी संक्रमित पाए गए हैं। इस तरह राज्य में कुल एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 889 हो गई है।

-------------

फैक्ट फाइल

कुल एक्टिव केस : 889

स्वस्थ हुए : 519

मौत : 08

----------------

जिलावार सक्रिय मामले

जिला : एक्टिव केस

पूर्वी सिंहभूम : 158

सिमडेगा : 161

धनबाद : 62

रामगढ़ : 81

हजारीबाग : 58

गुमला : 54

कोडरमा : 46

रांची : 23

पश्चिमी सिंहभूम : 27

गढ़वा : 30

गिरिडीह : 12

बोकारो 05

पाकुड़ : 14

खूंटी : 11

लोहरदगा : 33

सरायकेला-खरसावां : 16

लातेहार : 33

जामताड़ा : 26

साहिबगंज : 03

पलामू : 05

दुमका : 00

देवघर : 05

चतरा : 23

गोड्डा : 00

Posted By: Inextlive