-शनिवार को आई रिपोर्ट से मची खलबली, आइसोलेशन वार्ड में किया गया शिफ्ट

-शनिवार को 228 जमातियों और उनके संपर्क में आए लोगों के लिए गए सैंपल

-जिला प्रशासन ने किया शहर के आजमपाड़ा, मंटोला इलाकों को सील, रेड अलर्ट जारी

आगरा: शनिवार को आगरा में एकसाथ 25 कोरोनावारयस पॉजिटिव के एनांउसमेंट के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इनमें 24 कोरोना पॉजिटिव वे जमाती हैं जो 21 मार्च के बाद चोरी-छिपे आगरा पहुंचे थे। शासन ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आनन-फानन में पुलिस-प्रशासन को सक्रिय कर दिया। रेड अलर्ट घोषित मंटोला और आजमपाड़ा इलाकों को सील कर दिया गया। सड़कों और गलियों पर बल्लियां और बेरीकेडिंग लगाकर लोगों की आवाजाही को रोक दिया है। शनिवार तक आगरा में कोरोनावायरस से संक्रमित की संख्या 47 हो गई है।

तब्लीगी मरकज से आए हैं सभी संक्रमित

21 मार्च के बाद दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज से वापस लौटे जमातियों में कोरोना वायरस के संक्रमण की आशंकाएं अब आकार ले रही हैं। बात करें आगरा की तो शनिवार को सभी 108 सैंपल में से 25 पेशेंट में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि केजीएम यूनीवर्सिटी लखनऊ ने की है। हैरानी की बात यह है कि इनमें से 24 तब्लीगी मरकज से लौटे जमाती हैं। बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव के मिलने से शहर में सनसनी फैली हुई है। बता दें कि आगरा में शुक्रवार को 22 पॉजिटिव केस जो शनिवार सुबह दोगुना से अधिक 47 पॉजिटिव केस हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर शनिवार को कुल 228 सैंपल लिए गए हैं जिनके रविवार दोपहर तक रिजल्ट आ जाएंगे। बता दें कि प्रशासनिक आंकड़ों में आगरा में मरीजों की संख्या अभी 45 है क्योंकि प्रशासन ने शहर के नामचीन डॉक्टर और उनके बेटे को आगरा के आंकड़ों में शामिल नहीं किया है। डॉक्टर और उनका बेटा गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज करा रहे हैं।

पॉजिटिव को किया शिफ्ट

सभी कोरोना (कोविड-19) पॉजिटिव 25 पेशेंट को जिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड से शिफ्ट किया जा रहा है। डीएम प्रभु एन सिंह के नेतृत्व में 10 पॉजिटिव पेशेंट को एसएच हॉस्पिटल स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया है जबकि 12 को बरौली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शिफ्ट किया गया है। बता दें कि प्रशासन ने पहले ही एहतियाती कदम उठाते हुए अब तक आगरा पहुंचे 112 जमातियों को क्वॉरंटीन में रखा है गया है। जिससे कि संक्रमण दूसरों तक न फैले। साथ ही ऑपरेशन क्लीन चलाकर मस्जिदों में रह रहे जमातियों को भी चिह्नित कर लिया है। संक्रमण के बावजूद इनका रवैया असहयोग करने वाला रहा है। जिसके चलते जांच और इलाज के लिए हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम के सामने मुश्किल आ रही है।

रेड एलर्ट एरिया को किया सील

आगरा में तब्लीगी मरकज से वापस आए जमातियों से होने वाले संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए रेड एलर्ट घोषित मंटोला और आजमपाड़ा को सील कर दिया। एहतियातन इन क्षेत्रों की करीब 3 लाख की आबादी के आवागमन के प्रतिबंधित कर दिया गया है। संक्रमण पर नियंत्रण के लिए रैपिड रिस्पांस टीम ने सील किए गए क्षेत्रों का दौरा किया। धार्मिक स्थलों और पब्लिक प्लेसेस को सैनिटाइज्ड किया गया। शनिवार सुबह से ही शहर में पुलिस ने बस्तियों और मोहल्लों में अनाउंसमेंट कराया और लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी।

डॉक्टर बेटे के साथ मेदांता में

शहर के नामनेर स्थित हॉस्पिटल संचालक डॉक्टर और उनके बेटे का इलाज गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में चल रहा है। इन दो मरीजों को आगरा प्रशासन ने अपने यहां के आंकड़ों में शामिल नहीं किया है, इनको गुरुग्राम में रिपोर्ट किया गया है। चूंकि मॉनीटरिंग राष्ट्रीय स्तर पर चल रही है इसलिए आंकड़ों को लेकर कोई भ्रम न हो, ऐसा इसलिए किया गया है। जिसमें आगरा के डॉक्टर और उनका बेटा भी शामिल है, जो गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।

---

ऐहतियातन शहर को दो हिस्सों में रेड अलर्ट के साथ-साथ सील कर दिया गया है। मंटोला और आजमपाड़ा में दिल्ली से आए जमातियों की गतिविधियों के बाद इस क्षेत्र को सील कर दिया है। इन एरिया को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है। लॉगडाउन का पूरी तरह से यहां पर अनुपालन कराने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं।

-बोत्रे रोहन प्रमोद, एसपी सिटी, आगरा

---

आगरा में शनिवार को 25 कोरोना पॉजिटिव डिटेक्ट हुए हैं। जिनमें से 24 पेशेंट वे हैं जो पिछले दिनों निजामुद्दीन के तब्लीजी मरकज से आगरा पहुंचे थे। अबतक ऐसे 31 जमातियों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। ऐहतियातन शहर के मंटोला और आजमपाड़ा इलाके को सील कर दिया गया है।

-प्रभु एन सिंह, जिलाधिकारी, आगरा

Posted By: Inextlive