Coronavirus कोरोना वायरस का कहर अब देश के डाॅक्टरों पर भी बरस रहा है। कोरोना की चपेट में अब देश के कई डाॅक्टर्स आ चुके हैं। यहां पढ़ें कोरोना की गिरफ्त में आए एम्स सीआरपीफ जैसे डाॅक्टर्स के ताजा मामले...

नई दिल्ली (एजेंसियां)। Coronavirus कोरोना वायरस कब किसको अपनी चपेट में ले ले कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। देश में कई डाॅक्टर भी इसकी गिरफ्त में आ चुके हैं। दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के एक सीनियर डाॅक्टर के कोरोना पाॅजिटिव पाए जाने की बात सामने आई है। फिजियोलॉजी विभाग के डॉक्टर को अस्पताल के नए निजी वार्ड में भर्ती कराया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। सूत्रों का कहना है कि डाॅक्टर की वाइफ नाै महीने की प्रेग्नेंट है उसका भी टेस्ट पाॅजिटिव आया है। उसे भी आइसोलेट कर दिया गया। वहीं डाॅक्टर के संपर्क में आए अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

सीआरपीएफ के एक डॉक्टर में कोरोना की हुई पुष्टि

दिल्ली में सीआरपीएफ के एक डॉक्टर में कोरोना पाॅजिटिव की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि सीआरपीएफ डॉक्टर ने दिल्ली स्थित अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के रूप में काम किया है। पीड़ित डॉक्टर को हरियाणा के झज्जर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी वर्तमान में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अतिरिक्त महानिदेशक (चिकित्सा) के पद पर तैनात है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 30 मार्च को खांसी, बुखार और सांस लेने में समस्या की सूचना दी थी।

दो नर्सिंग अधिकारियों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव

इसके अलावा दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान में दो नर्सिंग अधिकारियों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। दोनों डाॅक्टर 1 अप्रैल को पॉजिटिव पाए गए इस संस्थान के डॉक्टर के साथ ये संपर्क में आए थे। कोरेाना पाॅजिटिव डॉक्टर हाल ही में अपने भाई के घर गई थीं, उनका भाई कुछ दिन पहले ही यूनाइटेड किंगडम से लौटा था। इसकी जानकारी मिलते ही आज के लिए अस्पताल को बंद कर दिया गया था।

ठाणे में 48 वर्षीय डॉक्टर में भी कोरोना की पुष्टि हुई

वहीं महराष्ट्र के ठाणे में मेडिकल क्लीनिक चलाने वाले एक 48 वर्षीय डॉक्टर में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। ठाणे नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर संदीप मालवी ने गुरुवार को कहा कि कोरोना पीड़ित डाॅक्टर का इलाज ठाणे सिविल अस्पताल में चल रहा है। डाॅक्टर के पास विदेश यात्रा का कोई इतिहास नहीं है। डॉक्टर ने खुद में कोरोना वायरस के लक्षण महसूस होने पर बीती 20 मार्च से अपना क्लिनिक बंद कर दिया था।

Posted By: Shweta Mishra