दुनिया भर में कोरोना वायरस से लगभग 14 लाख लोग संक्रमित हो गए हैं। इसके अलावा अब तक इस वायरस से 81451 लोगों की मौत हुई है।

कानपुर। कोरोना दुनिया भर में अब तक हजारों लोगों का जीवन तबाह कर चुका है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को वैश्विक स्तर पर इस वायरस से करीब 7,364 लोगों ने अपनी गंवा दी है। बता दें कि इस वक्त अमेरिका में सबसे अधिक 395,855 लोग इस वायरस के चपेट में हैं। इसी तरह अब तक वहां 12,731 लोगों की जान जा चुकी है और 16,031 लोग इस बीमारी से ठीक हो गए हैं। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि केवल मंगलवार को अमेरिका इस वायरस से 1912 लोगों की मौत हो गई है। अकेले न्यूयॉर्क में इस वायरस ने लगभग 4000 लोगों की जान ले ली है।

यूरोप में वायरस से बुरा हाल

अमेरिका के बाद यूरोप में इस वायरस से बहुत बुरा हाल है। इस महामारी की शुरुआत के बाद से फ्रांस में अब तक 10,328 मौतें दर्ज की गई हैं। इसके अलावा इस देश में 78,167 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा के प्रमुख जेरोम सलोमन ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी है। वहीं, स्पेन में पिछले चौबीस घंटों में 743 लोगों की जान चली गई है। इसी तरह वहां मृतकों की कुल संख्या अब 13,798 हो गई है। अमेरिका के बाद स्पेन (140,510) और इटली (135,586) में सबसे अधिक लोग संक्रमित हैं। इटली की बात करें तो वहां इस वायरस से अब तक दुनिया में सबसे अधिक 17,127 मौतें हो चुकी हैं।

दुनिया भर में तेजी से फैल रहा वायरस

दुनियाभर में कोरोना वायरस का प्रसार तेजी से हो रहा है। यह खतरनाक वायरस दो सौ से ज्यादा देशों में 1,388,591 लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है। वहीं, अब तक 81,451 लोगों की मौत हुई है। जबकि, 289,113 से ज्यादा अब तक पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। वहीं, अमेरिका में अधिकारियों ने ओंटारियो प्रांत द्वारा खरीदे गए तीन मिलियन फेस मास्क के निर्यात को रोक दिया है। इसके अलावा, कोरोना वायरस के मद्देनजर जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे राजधानी टोक्यो और छह अन्य प्रान्तों के लिए आपातकाल की घोषणा कर दी है।

चीन में कोरोना का हाल

इस खतरनाक वायरस का प्रकोप पिछले साल दिसंबर में चीन से शुरू हुआ लेकिन अब यह 213 देशों और क्षेत्रों तक पहुंच गया है। उनमें से 158 ने घातक रिपोर्ट दी है। मेडागास्कर, बारबाडोस, बरमूडा, बेनिन और बेलीज ने सोमवार को अपने देश में इस वायरस से पहली मौत की सूचना दी। चीन में अब तक कोरोना के कुल 81,802 मामले सामने आए हैं, इसमें से 3,333 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 77,229 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।

Posted By: Mukul Kumar