दुनिया की तमाम बड़ी बड़ी कंपनियां लोगों के लिए कोरोना वायरस से बचाव के कई उपाय बता रही हैं। इसी बीच गूगल भी अपने बचाव टिप्स के साथ तैयार है। आइये उनपर एक नजर डालें।

कानपुर। Coronavirus से दुनिया भर के लोग परेशान हैं। अब तो इसे पूरी दुनिया में महामारी घोषित कर दिया गया है। इस वायरस को लेकर इन दिनों फेसबुक, यूट्यूब और गूगल समेत कई कंपनियां लोगों को बचाव के उपाय बता रही हैं। इसके अलावा, इस खतरनाक वायरस से जुड़ी गलत जानकारियों को खत्म करने के लिए कुछ ही दिनों पहले फेसबुक, गूगल, ट्विटर, माइक्रोसॉफ्ट, यूट्यूब और रेड्डिट ने हाथ मिलाया था। वहीं, अब Google ने DO THE FIVE. Help stop coronavirus की शुरुआत की है। अगर इसके बारे में विस्तार से बात करें तो जब आप Google पर कुछ सर्च करेंगे तो आपको रेड कलर में वहां 'DO THE FIVE. Help stop coronavirus' नाम का एक ऑप्शन नजर आएगा। इस पर क्लिक करने पर आपको 5 चीजें बताई जाएंगी जिन्हें फॉलो कर आप वायरस को रोक सकते हैं।

पांच चीजों के बारे में गूगल ने बताया

पांच चीजों में पहला ये कि आपको कुछ समय के अंतराल पर अपने हाथ धोने हैं। दूसरा, खांसते समय मुंह को ढकने के लिए आपको हाथ नहीं बल्कि कोहनी का इस्तेमाल करना है। तीसरा, बार-बार अपने मुंह को छूने से बचना है। चौथा, दूसरों से उचित दूरी बनाकर रखना है। पांचवा, अगर आपको अपनी तबियत खराब लग रही है तो घर पर रहें। एक तरह से गूगल की टिप्स से लोगों का काफी फायदा हो सकता है।

अफवाहों को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रही हैं कंपनियां

गौरतलब है कि कोरोना वायरस को लेकर इंटरनेट पर तमाम तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं, जिन पर कई लोग भरोसा भी कर रहे हैं। इन्हीं गलत जानकारियों को जड़ से खत्म करने के लिए Facebook, Google, Twitter, Microsoft, YouTube, LinkedIn और Reddit ने बड़ा कदम उठाया है। इन सभी ने एक संयुक्त बयान में कहा है कि वह इस तरह की अफवाहों को पूरी तरह से खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं।

Posted By: Mukul Kumar