आगरा में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा। शुक्रवार को यहां कोरोना पेशेंट का आंकड़ा 700 के पार हो गया। इसी के साथ उत्तर प्रदेश में अब तक 66 लोग जान गंवा चुके हैं।

आगरा (आईएएनएस)। आगरा में कोविड ​​-19 के मामलों की संख्या शनिवार को 700 के पार हो गई। पिछले 24 घंटों में 26 से अधिक लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कुल मिलाकर अब आगरा में कोरोना के अब तक 706 पेशेंट हो गए हैं। आधिकारिक तौर पर कहा गया है कि मरने वालों की संख्या 23 है। जिला मजिस्ट्रेट पी.एन. सिंह ने कहा कि अब तक कुल 303 रोगियों को विभिन्न अस्पतालों से ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई।

नए मामले हॉटस्पॉट्स के

नए मामले ज्यादातर 42 हॉटस्पॉट्स के थे और जो कुछ संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए थे। जिला स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 8,835 नमूने एकत्र किए हैं। फिरोजाबाद में, टैली 174 हो गई है, जबकि मथुरा में दो नए मामलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां कोरोना मरीजों की संख्या 38 और बढ़ गई है।

नए क्वारंटाइन सेंटर की घोषणा की

आगरा प्रशासन ने शनिवार को आने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए नए क्वारंटाइन सेंटर की घोषणा की, जिन्हें गांवों में प्रवेश करने से पहले 14 दिन तक यहां रहना होगा। इसके बाद, संभागीय आयुक्त अनिल कुमार ने तैयारियों और सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करने के लिए कई हॉटस्पॉट और सरकारी अस्पतालों का दौरा किया। शहर के वरिष्ठ चिकित्सक और होम्योपैथ नागरिकों से जीवन शैली बदलने और उनकी सुरक्षा के लिए दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह कर रहे हैं। वरिष्ठ चिकित्सक अशोक विज ने कहा, "कोरोना वायरस के जल्द ही नियंत्रित होने की संभावना नहीं है, जब तक कि दवाएं या टीके विकसित नहीं किए जाते। फिलहाल वायरस से बचाव का एकमात्र उपाय सोशल डिस्टेंसिंग और हाइजीनिंग है।'

यूपी में 66 लोग गंवा चुके अपनी जान

उत्तर प्रदेश में कोरोना मरीजों का ग्राफ हर दिन बढ़ रहा। स्वास्थ्य मंत्रालय के डेटा के मुताबिक, अब तक यूपी में 3214 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिसमें से 1387 लोग ठीक होकर घर लौट गए। वहीं 66 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। यूपी में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित जिला आगरा है। उसके बाद कानपुर का नंबर आता है।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari