उत्तर प्रदेश के आगरा में कोरोना वायरस से एक पत्रकार की मौत हो गई। आगरा के डीएम ने मौत की पुष्टि की। बता दें यूपी में कोरोना से अब तक 62 लोगों की जान जा चुकी है।

आगरा (एएनआई)। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना के केस ताजनगरी आगरा में हैं। यहां रोजाना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार को आगरा के एक पत्रकार की कोरोना से मौत भी हो गई। आगरा के डीएम प्रभु एन सिंह ने कहा, 'एक पत्रकार जो कोविड ​​-19 पॉजिटिव था और उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उन्हें आइसोलेशन में रखा गया था और बुधवार से वह वेंटिलेटर पर थे और गुरुवार को उनकी मौत हो गई।'

यूपी में कोरोना पेशेंट 3000 के पार

उत्तर प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या 3 हजार के पार पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के नवीनतम अपडेट के अनुसार, राज्य में अब तक 3071 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिसमें से 1250 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई वहीं 62 लोग अपनी जान गंवा चुके। यूपी में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव वाले जिले आगरा और कानपुर हैं।

देश में 56 हजार कोरोना मरीज

देश में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या 56,342 हो गई है। इसमें 16,540 लोग ठीक हो चुके हैं वहीं मरने वालों की संख्या 1,886 पहुंच गई। भारत में कोरोना के सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में है। यहां 17,974 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसमें 3301 लोग ठीक हो चुके जबकि 694 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari