भारत में कोरोना वायरस महामारी से संक्रमित होने वालों का आकंड़ा 80 लाख पार हो चुका है। एक दिन में 48648 संक्रमण के नए मामले दर्ज होने से देश में संक्रमितों की संख्या 8088851 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में संक्रमण के कारण 563 लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 121090 हो गई।


नई दिल्ली (पीटीआई)। देश में कोरोना वायरस से अब तक 80 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को अपडेट किए गए नए मामलों में 48,648 नए केस दर्ज हुए हैं। अब तक 80,88,851 लोग इस वायरस की चपेट में आ गए हैं। वहीं देश में कोविड-19 की वजह से बीते 24 घंटे में 563 नई माैतें हुईं है। इस तरह से अब तक कोरोना वायरस से हुई माैतों की संख्या 1,21,090 पहुंच गई है। हालांकि इस समय देश में रिकवरी रेट काफी तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में रिकवरी रेट 91 प्रतिशत पार कर गया और डेथ रेट 1.50 प्रतिशत हो गया है। अब तक 73,73,375 लोग इस वायरस से ठीक हो चुके हैं। देश में 5,94,386 सक्रिय केस
देश में सक्रिय मामलों की बात करें तो 6,00,000 से नीचे आ गए। आज कुल 5,94,386 कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामले हैं। इनमें से कुछ मरीजों का इलाज अस्पताल में तो कुछ का होम आइसोलेशन में हो रहा है। भारत की कोविड-19 टैली ने 7 अगस्त को 20-लाख का आंकड़ा पार किया था, 23 अगस्त को 30 लाख और 5 सितंबर को 40 लाख का आंकड़ा पार किया था। यह 16 सितंबर को 50 लाख, 11 अक्टूबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 60 लाख और 29 अक्टूबर को 80 लाख को पार कर गया। आईसीएमआर के अनुसार, गुरुवार को परीक्षण किए गए 11,64,648 सैंपल संग 29 अक्टूबर तक कुल 10,77,28,088 सैंपल की टेस्टिंग की गई है।

Posted By: Shweta Mishra