भारत ने पिछले 24 घंटों में 31443 नए कोविड -19 मामले और 2020 मौतें दर्ज की हैं। कोविड के नए मामले 118 दिनों में सबसे कम दर्ज हुए हैं।

नई दिल्ली (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत ने पिछले 24 घंटों में 31,443 नए कोविड -19 मामले दर्ज किए, जो पिछले 118 दिनों में सबसे कम है। वहीं मध्य प्रदेश बैकलॉग जुड़ जाने से भारत में एक दिन में 2,020 मौते के मामले दर्ज हुए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुासर यह लगातार 35वां दिन है जब भारत में कोरोना वायरस के एक लाख से कम नए मामले सामने आए हैं। सक्रिय मामले अब 5 लाख से नीचे आ गए हैं। देश में वर्तमान में 4,32,778 सक्रिय मामले हैं और अब तक कुल 4,10,784 मौतें हुई हैं।

अब तक 3,00,63,720 लोग हो चुके डिस्चार्ज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 49,007 लोगों को छुट्टी दी गई, जिससे अब तक कुल डिस्चार्ज 3,00,63,720 हो गया है। इसके अलावा मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 38,14,67,646 लोगों को टीका लगाया गया है, जिनमें पिछले 24 घंटों में 40,65,862 लोगों को टीका लगाया गया है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार 11 जुलाई तक 43,40,58,138 नमूनों की कोविड-19 की जांच की जा चुकी है। इनमें से अकेले सोमवार को 17,40,325 नमूनों की जांच की गई।

कोविड की तीसरी लहर को लेकर अलर्ट जारी
भारत की कोविड-19 टैली ने 7 अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर लिया था। 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख का आंकड़ा पार किया था। यह 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ के आंकड़े को पार कर गई। भारत ने चार मई को दो करोड़ और 23 जून को तीन करोड़ के आकंड़ेे को पार किया था। वहीं एक बार फिर अब देश में कोविड की तीसरी लहर को लेकर अलर्ट जारी हो गया है।

Posted By: Shweta Mishra