दुनिया भर में कोरोना वायरस से 14 लाख लोग से अधिक संक्रमित हो गए हैं। इसके अलावा अब तक इस वायरस से 87760 लोगों की मौत हुई है।

कानपुर। दुनिया भर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस से करीब 6,309 लोगों ने अपनी गंवा दी है। बता दें कि इस वक्त अमेरिका में सबसे अधिक 429,870 लोग इस वायरस के चपेट में हैं। वहीं, अमेरिका इस वायरस से सबसे अधिक मौतों की संख्या के मामले दुनिया में इटली के बाद दूसरा देश बन गया है। अब तक वहां 14,730 लोगों की जान जा चुकी है और 18,969 लोग इस बीमारी से ठीक हो गए हैं। अकेले न्यूयॉर्क में इस वायरस ने पिछले 24 घंटे में 779 लोगों की जान ले ली है। इसी तरह, इस राज्य में अब तक कुल 6268 लोगों की मौत हो चुकी है।

अमेरिका में 11 भारतीय की मौत

इसके अलावा, अमेरिका में कोरोना से कम से कम 11 भारतीयों की मौत हो गई है और अन्य 16 लोगों संक्रमण पाया गया है। वायरस के प्रसार को देखते हुए न्यूयॉर्क में 29 अपैरल तक लॉकडाउन का विस्तार किया गया है। वहीं, अधिकारियों ने लोगों से फिर कहा है कि जब तक बहुत जरुरी न हो, घर से न निकले। अमेरिका में घातक संक्रमण से पीड़ित सभी भारतीय नागरिक पुरुष हैं, जिनमें से दस न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी क्षेत्र से हैं। पीड़ितों में से चार न्यूयॉर्क शहर में टैक्सी चालक बताए जाते हैं। एक भारतीय नागरिक की कथित तौर पर फ्लोरिडा में कोरोना वायरस के कारण मृत्यु हो गई। अधिकारी कैलिफोर्निया और टेक्सास राज्यों में कुछ अन्य भारतीय मूल के लोगों की राष्ट्रीयता का भी पता लगा रहे हैं। बता दें कि जो भारतीय संक्रमित हैं, वह वे उत्तराखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश से हैं।

यूरोप में बुरा हाल

अमेरिका के बाद यूरोप में इस वायरस से बहुत बुरा हाल है। इस महामारी की शुरुआत के बाद से फ्रांस में अब तक 10,869 मौतें दर्ज की गई हैं। इसके अलावा इस देश में 82,048 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा के प्रमुख जेरोम सलोमन ने बुधवारको इस बात की जानकारी दी है। वहीं, स्पेन में मृतकों की कुल संख्या अब 14,555 हो गई है। अमेरिका के बाद स्पेन (146,690) और इटली (139,422) में सबसे अधिक लोग संक्रमित हैं। इटली की बात करें तो वहां इस वायरस से अब तक दुनिया में सबसे अधिक 17,669 मौतें हो चुकी हैं।

तेजी से फैल रहा वायरस

दुनियाभर में कोरोना वायरस का प्रसार तेजी से हो रहा है। यह खतरनाक वायरस दो सौ से ज्यादा देशों में 1,473,190 लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है। वहीं, अब तक 87,760 लोगों की मौत हुई है। जबकि, 315,365 से ज्यादा अब तक पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। वहीं, अमेरिका में अधिकारियों ने ओंटारियो प्रांत द्वारा खरीदे गए तीन मिलियन फेस मास्क के निर्यात को रोक दिया है। इसके अलावा, कोरोना वायरस के मद्देनजर जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे राजधानी टोक्यो और छह अन्य प्रान्तों के लिए आपातकाल की घोषणा कर दी है।

दिसंबर में शुरू हुआ इस वायरस का प्रकोप

इस खतरनाक वायरस का प्रकोप पिछले साल दिसंबर में चीन से शुरू हुआ लेकिन अब यह 213 देशों और क्षेत्रों तक पहुंच गया है। उनमें से 160 ने घातक रिपोर्ट दी है। मेडागास्कर, बारबाडोस, बरमूडा, बेनिन और बेलीज ने सोमवार को अपने देश में इस वायरस से पहली मौत की सूचना दी। चीन में अब तक कोरोना के कुल 81,865 मामले सामने आए हैं, इसमें से 3,335 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 77,370 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।

Posted By: Mukul Kumar