Coronavirus से मौतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मलेशिया में इसके चपेट में आकर अब एक भारतीय की मौत भी हो गई है। युवक त्रिपुरा का रहने वाला बताया जा रहा है। केरल राज्‍य में कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया है।

सिपाहीजला, त्रिपुरा (एएनआई)। Coronavirus से संक्रमित होने के बाद, मलेशियाई अस्पताल में भारत के त्रिपुरा के एक 23 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। उसके परिवार के सदस्य ने इस बाद का दावा किया है। मधुपुर थाना क्षेत्र के पुरथल राजनगर गांव के रहने वाले युवक की पहचान मनीर हुसैन के रूप में हुई है। हुसैन 2018 में मलेशिया गए थे और वहां एक रेस्त्रां में काम करते थे। एएनआई से बात करते हुए, हुसैन के दादा अब्दुल रहीम ने कहा कि उन्हें बुधवार सुबह मलेशियाई अधिकारियों से अपने पोते की मौत की खबर मिली।
मलेशिया से अधिकारियों ने किया फोन
रहीम ने कहा, 'मेरा 23 वर्षीय पोता दो साल पहले मलेशिया चला गया था। हमें बुधवार सुबह मलेशियाई अधिकारियों का फोन आया, जिसमें हमें कोरोना वायरस के कारण हुसैन की मौत की सूचना मिली।' रहीम ने सरकार से आग्रह किया कि हुसैन के शव को भारत वापस लाने की जल्द से जल्द व्यवस्था की जाए। चीन में उत्पन्न हुए इस वायरस ने अकेले उस देश में 170 लोगों का जान ले लिया है, जबकि दुनिया भर के कई देशों में लोग इससे संक्रमित हैं। बता दें कि इस वायरस के चलते चीन में कई भारतीय फंसे हैं और भारत सरकार उन्हें वहां से निकालने के लिए तमाम उपाय कर रही है। बताया जा रहा है कि चीन के हुबेई प्रांत से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए दो उड़ानें संचालित की जानी हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि चीन सरकार से इन दोनों उड़ानों के संचालन की अनुमति के लिए अनुरोध किया गया है।

केरल में कोरोना वायरस का मामला सामने आया

केरल राज्‍य में कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया है। त्रिसुर जिले में एक मरीज जांच में पॉजिटिव पाया गया है व उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। राज्‍य के स्‍वास्‍थ्य मंत्री केके शैलजा ने इस बात की जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि मरीज जो कि वुहान यूनिवर्सिटी का स्‍टूडेंट है की हालत स्थिर है और त्रिसुर के जनरल हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में एडमिट है। स्‍वास्‍थ्स अधिकारियों को एक अन्‍य जांच के नतीजे का अभी इंतजार है। चीन से लौटे तीन अन्‍य लोगों को भी हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। केरल में चीन से लौटे 806 लोगों पर संक्रमण के लिए नजर रखी जा रही है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्य मंत्रालय ने भी कोरोनावायरस का पहला मरीज केरल में मिलने की पुष्टि की है।

Posted By: Mukul Kumar