- कर्मचारियों ने तीन नामजद और एक दर्जन से अधिक पार्षदों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

- देर रात एक आरोपी भाजपा पार्षद रमेश गुप्ता हुए गिरफ्तार

GORAKHPUR : नगर निगम पार्षदों और कर्मचारियों के बीच मारपीट का मामला थाने तक पहुंच गया है। बुधवार को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर देकर जान से मारने का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने चार नामजद और एक दर्जन अज्ञात पार्षदों के खिलाफ केस दर्ज कराया तो पार्षदों ने पांच नामजद सहित दो दर्जन कर्मचारियों पर अभद्र भाषा का उपयोग, ललकारने और अनुसूचित जाति के सदस्यों पर जातिसूचक शब्दों के प्रयोग को लेकर तहरीर दी है। वहीं देर रात आरोपी वार्ड नं 20 झरना टोला के पार्षद रमेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।

कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

कार्य बहिष्कार की घोषणा करने के बाद सुबह 11 बजे सभी कर्मचारी नगर निगम परिसर में एकत्रित हो गए। कर्मचारियों कहा कि हर बार पार्षद कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हैं और उनको समझाने वाला कोई नहीं है। हमारी चार मांगें हैं। पहली, आरोपी पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जाए। दूसरी, आरोपी पार्षद के खिलाफ रासुका लगाया जाए। तीसरी, आरोपी पार्षद की सदस्यता रद की जाए और चौथी, अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति के महामंत्री रविंद्र कुंवर ने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती है, कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

Posted By: Inextlive