आय से अधिक सम्पत्ति मामले में पूर्व मंत्री राकेश धर त्रिपाठी के खिलाफ पहले से दर्ज है मामला

उनके पीए पर भी आय से अधिक सम्पत्ति का मामला आया सामने

ALLAHABAD: पूर्व की भाजपा और बसपा सरकार में मंत्री रहे राकेश धर त्रिपाठी के पास आय से अधिक सम्पत्ति की जांच के लपेटे में उनके तत्कालीन पीआरओ भी आ गए हैं। ईडी ने जांच में उन्हें भी आय से अधिक सम्पत्ति का जिम्मेदार माना है। ईडी की जांच रिपोर्ट के आधार पर पूर्व मंत्री के पीआरओ के खिलाफ हंडिया थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ईडी ने जांच के बाद की पुष्टि

पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री राकेशधर त्रिपाठी के खिलाफ पहले से ही मामला दर्ज है। सपा सरकार के समय ही उन्हें गिरफ्तार किया गया था। वह मूल से हंडिया के रहने वाले हैं और निर्वाचन क्षेत्र भी हंडिया ही है। ईडी की जांच में पूर्व मंत्री के दोषी मिलने के बाद उनके जनसम्पर्क अधिकारी के खिलाफ भी आय से अधिक सम्पत्ति होने की शिकायत की गई थी। इसकी जांच भी सतर्कता अधिष्ठान ने ही की तो पाया कि पीआरओ रुद्रमणि मिश्रा के पास भी मंत्री का पीआरओ रहने के दौरान आय से अधिक सम्पत्ति आयी।

यूपी सतर्कता अधिष्ठान के निरीक्षक ज्ञानेन्द्र नाथ शुक्ल ने इसकी जानकारी देते हुए हंडिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। जांच रिपोर्ट के अनुसार निर्धारित समय में पीआरओ द्वारा लोक सेवा में रहते हुए उन्होंने सात लाख रुपए आय के अतिरिक्त खर्च किए। पूछने पर बता नहीं सके कि यह धनराशि उनके पास आई कहां से।

Posted By: Inextlive