रांची में जल्द ही एक खादी मॉल खुलेगा. यह देश का पहला खादी मॉल होगा.

- मुख्यमंत्री ने कारीगर पंचायत में की घोषणा

- पंद्रह दिनों के भीतर सरकार एचईसी में उपलब्ध कराएगी जमीन

ज्यादा से ज्यादा उत्पादन कर सकें
ranchi@inext.co.in
RANCHI : रांची में जल्द ही एक खादी मॉल खुलेगा। यह देश का पहला खादी मॉल होगा। इसके लिए झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड को राज्य सरकार 15 दिनों के भीतर एचईसी एरिया में जमीन उपलब्ध कराएगी। यह घोषणा रविवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने की। वे खादी बोर्ड की ओर से आयोजित कारीगर पंचायत के उद्घाटन के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में 1.13 लाख कलाकारों को सूचीबद्ध किया गया है। उन्हें प्रशिक्षित कर बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे उनके जीवन में बदलाव आयेगा। साथ ही उन्हें बाजार भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकी वे ज्यादा से ज्यादा उत्पादन कर सकें.

 

 

पर्यटन स्थलों पर भी हाट बनाए जाएंगे
सीएम ने कहा कि कलाकारों को लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का सहारा देकर उनके उत्पाद में वैल्यू एडिशन करायेंगे। मार्केट के लिए ग्रामीण हाट और अरबन हाट के साथ-साथ पर्यटक स्थलों पर भी हाट बनाकर उन्हें बाजार उपलब्ध करायेंगे। ये हाट बाजार भी काफी उन्नत किस्म के होंगे। झारखंड खादी बोर्ड के माध्यम से गांव-गांव में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। बोर्ड उन्हें बाजार मुहैया करा रहा है।

पतंजलि झारखंड से खरीदेगी हनी
श्री दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीठी क्रांति की बात की थी। मीठी क्रांति के लिए सबसे उपयुक्त जगह झारखंड है। इसी दिशा में खादी ग्राम बोर्ड, मुख्यमंत्री उद्यमी बोर्ड हनी के क्षेत्र में काम कर रही है। भारत सरकार से झारखंड सरकार दो लाख हनी बाक्स लेकर लोगों को उपलब्ध कराएगी। बाबा रामदेव से बात हुई। पंतजलि हमारे राज्य से हनी खरीदकर ले जाएगी। हमें मार्केट की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

यूरोप भेजी जाएगी आर्गेनिक सब्जी
मुख्यमंत्री ने कहा कि संथालपरगना और कोलहान में बांस बहुत होते हैं। बांस के संदर्भ में आईक के साथ करार हुआ है। झारखंड से 5 लाख टोकरी की डिमांड है। इसी को देखते हुए दुमका मे 600 महिलाओं को ट्रेनिंग दे रहे हैं। इसी तरह की कई चीजों की डिमांड झारखंड में है। हम मैन्युफैक्चरिंग बेहतर करें। ब्रांडिग ठीक से करें, मार्केटिंग ठीक करें। सबकी डिमांड है। आर्गेनिक सब्जी की डिमांड यूरोप में खूब है। इसका भी उत्पादन बढ़ाएं।

कार्यक्रम में ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पद्मश्री अशोक भगत, केंद्रीय जनजातीय कल्याण राज्य मंत्री सुदर्शन भगत, खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, रांची की मेयर आशा लकड़ा, उद्योग विभाग के सचिव विनय चौबे समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Posted By: Inextlive