- ठेला लगाने वाले युवकों ने किए अश्लील कमेंट

- विरोध करने पर आरोपियों ने मिलकर दंपति को पीटा

- मौके पर पहुंची पुलिस ने दो को हिरासत में लिया

 

Meerut : शहर में महिलाओं से छेड़छाड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। ठेला लगाने वाले कुछ युवकों ने चौकी के पास ही महिला से अभद्रता और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर दंपती को बेरहमी से बीच बाजार पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि बाकी फरार हो गए।

 

ठेले वाले ने किया कमेंट

लालकुर्ती पैठ बाजार में दंपती दीपावली की खरीदारी के लिए आया था। सामान खरीदते समय एक ठेले वाले ने महिला पर अश्लील कमेंट किया और द्विअर्थी बात कही। महिला ने विरोध किया तो ठेले वाला युवक महिला से गाली गलौज करने लगा। महिला का पति भी दुकान के सामने बाइक खड़ी करके मौके पर पहुंच गया। विरोध करने पर आरोपी युवक ने खुद ही अपना ठेला पलट दिया और अपने साथियों के साथ मिलकर दंपती के साथ मारपीट करने लगा। पैठ में भीड़ जमा हो गई और हंगामा खड़ा हो गया।

 

पहुंची पुलिस, दो को पकड़ा

इस दौरान सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान ठेले वालों ने पुलिस से भी धक्कामुक्की की। पुलिस ने लालकुर्ती निवासी दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। छेड़छाड़ के मामले को पुलिस ने साइड़ लगने और ठेला पलटने का विवाद बताया।

 

आए दिन होती हैं घटनाएं

लालकुर्ती पैठ में सड़कों पर ठेले वालों ने अतिक्रमण का जाल बिछाया हुआ है। पैदल निकलना भी संभव नहीं होता। ऐसे में इस बाजार में आने वाली महिलाओं और युवतियों से अकसर छेड़छाड़ होती है। ठेले वाले कुछ युवक लगातार ऐसी घटनाएं अंजाम देते हैं और अश्लील कमेंट करते हैं। शनिवार शाम को हुई घटना में भी पुलिस तहरीर का इंतजार करती रही।

 

दंपति की बाइक ठेले में लगी थी और ठेला पलट गया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने दो ठेले वालों को हिरासत में लिया। दंपति ने अभी तहरीर नहीं दी है। दोनों युवकों का शांतिभंग में चालान किया गया है।

-प्रदीप त्रिपाठी, एसओ लालकुर्ती।

 

प्रभातनगर में छेड़छाड़ को लेकर हंगामा

-छेड़छाड़ के आरोपी को छात्रों ने जमकर धुना

Meerut : सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कालोनी प्रभात नगर में मनचले को महिला के साथ छेड़छाड़ व अश्लील फब्तियां कसना आखिर महंगा पड़ गया। महिला के शोर मचाने पर कोचिंग सेंटर पर पढ़ रहे बच्चे बाहर निकल आए और मनचले की जमकर खबर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालाकि महिला के पैर छूकर माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया।

 

ये है मामला

कालोनी निवासी महिला सुबह-सुबह रोजाना वॉकिंग करती है। बताया गया कि आज वह घर से सुबह पांच बजे वॉकिंग के लिए निकली। जैसे ही वह मंदिर के पास पहुंची तो वहीं के निवासी एक युवक ने अश्लील फब्तियां कसने के साथ ही उसका हाथ पकड़ लिया। महिला अंधेरा होने के कारण महिला ने शोर मचा दिया। सुबह पांच बजे एसएससी कोचिंग कर रहे लड़के शोर सुनकर बाहर निकल आए और मनचले को पकड़ कर लात-घूसों से जमकर पीटा। सूचना मिलने पर फेंटम सवार पुलिस कर्मियों ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। युवक बहन कहकर महिला के पैरों में लेट गया। इसके बाद महिला को दया आई और उसे पुलिस वालों से कहकर छोड़ने की अपील की। जिस पर पुलिस ने उन्हे छोड़ दिया।

 

 

मामला संज्ञान में है। महिला की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आएगी तो कार्रवाई की जाएगी।

-इकबाल अहमद कलीम, इंस्पेक्टर सिविल थाना सिविल लाइन

Posted By: Inextlive