पुल के गार्ड देखा बात करते और फिर छलांग लगाते, देर शाम तक नहीं लगा सुराग

ALLAHABAD: नए यमुना पुल से शुक्रवार की सुबह करीब पौने 11 बजे एक प्रेमी जोड़े ने छलांग लगा दी। प्रेमी जोड़े को छलांग लगाता देख हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कीडगंज थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रेमी जोड़े की खोज के लिए गोताखोरो को लगा दिया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलता देख पुलिस ने जल पुलिस की मदद ली। देर शाम तक प्रेमी जोड़े की तलाश में जल पुलिस और गोताखोर लगे रहे, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिल सकी।

बात करते-करते लगा दी छलांग

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो नए यमुना पुल पर सुबह करीब साढ़े दस बजे एक प्रेमी जोड़ा पहुंचा था। दोनों के बीच बात हो रही थी, अचानक दोनों ने पुल से छलांग लगा दी। घटना के बारे में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर कीडगंज राजकुमार शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों ने बताया कि प्रेमी जोड़ा कूदा है। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। जल पुलिस की टीम काफी दूर तक जाकर प्रेमी जोड़े की खोज कि, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। यमुना नदी में पानी अधिक होने के साथ ही बहाव भी काफी तेज है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों बह गए होंगे। जल पुलिस की टीम देर शाम तक प्रेमी जोड़े की तलाश में जुटी रही, लेकिन उनका पता नहीं चला।

सुबह एक युवक ने भी लगाई थी छलांग

कीडगंज इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की सुबह एक युवक ने भी यमुना पुल से छलांग लगाई थी। जिसे मौके पर मौजूद गोताखोर और जल पुलिस की मदद से बचा लिया गया। युवक ने पुलिस को अपना नाम चंदन सोनी निवासी बहादुरगंज बताया। पुलिस ने उसके घरवालों को बुलाकर उसे सौंप दिया। इस घटना के करीब पौन घंटे बाद ही प्रेमी जोड़े के कूदने की सूचना मिली।

यमुना नदी में पानी अधिक होने के साथ ही बहाव भी काफी तेज है। अंदेशा है कि दोनो बह गये होंगे। गोताखोरों के साथ जल पुलिस को लगाया गया है। दोनो थे कौन? अभी इसका पता नहीं चल सका है।

राजकुमार शर्मा

इंस्पेक्टर कीडगंज

Posted By: Inextlive