Maharashtra lockdown & night curfew: कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते कहर के बीच महाराष्‍ट्र सरकार ने पूरे राज्‍य में नाइट कर्फ्यू के साथ ही वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है।

मुंबई (एएनआई/पीटीआई): Maharashtra lockdown & night curfew - महाराष्ट्र में COVID-19 के मामलों में जोरदार स्पाइक के चलते, राज्य सरकार ने वायरस के प्रसार को रोकने के लिए राज्‍य में रात के कर्फ्यू की घोषणा की है। साथ ही महाराष्ट्र में अगले हफ्ते से वीकेंड लॉकडाउन भी प्रभावी हो जाएगा। कैबिनेट बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, कपड़ा, बंदरगाह और मत्स्य मंत्री असलम शेख ने कहा कि रात के कर्फ्यू के दौरान रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक केवल आवश्यक सेवाओं की ही अनुमति होगी।

क्‍या खुला और क्‍या बंद

बता दें कि मुंबई और पूरे महाराष्ट्र में कोरोनोवायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसको देखते हुए राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक में आज कई निर्णय लिए गए हैं। शेख ने बताया कि सोमवार से सख्‍त नियम लागू हो जाएंगे। रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक रात का कर्फ्यू लगाया जाएगा। केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति होगी। रेस्टोरेंट्स को सिर्फ फूड पार्सल की डिलीवरी करने की अनुमति होगी। मूवी थियेटर बंद रहेगे। साथ ही कार्यालयों के मामले में कर्मचारियों को घर से काम करना होगा। इस संबंध में डीटेल्‍ड एसओपी जल्द ही जारी की जाएगी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 49,447 नए मामले सामने आए हैं और 277 मौतें हुई हैं। हालांकि राज्य में 24 घंटे में कुल 37,821 लोग बीमारी से उबर चुके हैं। राज्य में COVID मामलों की सक्रिय संख्या 4,01,172 है। पिछले 24 घंटों में नई मौतों के साथ, महाराष्ट्र में COVID मौत का आंकड़ा 55,656 हो गया है।

नाइट कर्फ्यू के अलावा वीकेंड पर लॉकडाउन रहेगा महाराष्ट्र

राज्‍य के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और एनसीपी लीडर नवाब मलिक ने रविवार को हुई कैबिनेट मीटिंग के बाद संवाददाताओं को बताया कि सोमवार से शुरु हो रहे हफ्ते से राज्‍य में वीकेंड लॉकडाउन लगाया जा रहा है, जो शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक लागू रहेगा। इसके अलावा पूरे हफ्ते नाइट कर्फ्यू भी लागू रहेगा, जो सोमवार 8 बजे से प्रभावी हो जाएगा। साथ ही दिन के वक्‍त धारा 144 लागू रहेगी।

Posted By: Chandramohan Mishra