भारतीय स्पिन गेंदबाज और मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा रहे पीयूष चावला के पिता का निधन हो गया। वह कोरोना पाॅजिटिव थे। चावला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी।

नई दिल्ली (एएनआई)। मुंबई इंडियंस के स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला के पिता प्रमोद कुमार चावला का सोमवार को COVID-19 के कारण निधन हो गया। दाएं हाथ के स्पिनर ने अपने पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि जीवन उनके बिना वैसा नहीं होगा जैसा पहले था। उन्होंने अपनी ताकत को खो दिया। चावला ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया, "जीवन अब पहले जैसा नहीं रहेगा, आज मेरी ताकत का स्तंभ खो गया।"

चावला ने इंस्टाग्राम पर शोक व्यक्त किया
चावला ने इंस्टाग्राम पर एक बयान में कहा, "गहरे शोक के साथ, हम घोषणा करते हैं कि मेरे प्यारे पिता प्रमोद कुमार चावला का 10 मई 2021 को निधन हो गया। वह कोविड पाॅजिटिव थे।' चावला की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम मुंबई इंडियंस ने अनुभवी स्पिनर के लिए शोक संदेश भेजा। मुंबई इंडियंस ने ट्वीट किया, "हमारे विचार आज सुबह अपने पिता प्रमोद कुमार चावला को खो देने वाले पीयूष चावला के साथ हैं। हम इस कठिन समय में आपके और आपके परिवार के साथ हैं।" चावला ने आईपीएल में 156 विकेट लिए हैं और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए 2020 का सीजन खेला है। उन्हें इस साल फरवरी में आईपीएल की नीलामी के दौरान मुंबई इंडियंस में रखा गया।

View this post on Instagram A post shared by Piyush Chawla (@piyushchawla_official_)

भारतीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर
पिछले कुछ दिनों से भारतीय क्रिकेट जगत गहरे शोक में है। एक दिन पहले राजस्थान रॉयल्स के युवा तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने भी COVID-19 के कारण अपने पिता को खोना दिया। वहीं भारत की हरफनमौला खिलाड़ी वेदा कृष्णमूर्ति ने गुरुवार को अपनी बहन को खो दिया। जबकि अप्रैल में COVID-19 के कारण बेंगलुरु की क्रिकेटर की मां का निधन हो गया था।

भारत में कोरोना का बढ़ता ग्राफ
कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कई लोगों को संक्रमित किया है, और देश में COVID-19 सकारात्मक मामलों की संख्या खतरनाक दर से बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार की सुबह कहा कि पिछले 24 घंटों में भारत में 3,66,161 नए कोरोना वायरस के मामले दर्ज किए गए।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari