कोरोना संक्रमण को देखते हुए बदली व्यवस्था

ट्रेंड कांस्टेबल को सौंपी गई अवेयरनेस की जिम्मेदारी

GORAKHPUR: शहर के भीतर कोरोना का संक्रमण बढ़ने पर पुलिस ज्यादा सजग नजर आ रही है। थानों और चौकियों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कोविड हेल्प डेस्क बना दिया गया है। डेस्क पर ट्रेंड महिला पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है। फरियादियों से लेकर पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। एसएसपी ने कहा कि कोविड हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारी पब्लिक को भी कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय बताते हैं।

पहरे से लेकर लॉकअप तक सुरक्ष्ा का ध्यान

पुलिस महकमा भी फ्रंटलाइन वारियर्स की तरह से काम कर रहा है। इसलिए इनके बीच इंफेक्शन फैलने का खतरा ज्यादा रहता है। इसको देखते हुए हर थाने के दो सिपाहियों को ट्रेंड किया गया है। कोविड केयर की ट्रेनिंग लेने वाले पुलिस कर्मचारी अन्य सहयोगियों को इसके बारे में जानकारी देते हैं। इसका फायदा भी थानों की पुलिस को मिलने लगा है। थानों पर पहरा ड्यूटी से लेकर लॉकअप में बंदियों की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

यह की गई है व्यवस्था

हर थाना के दो-दो कांस्टेबल को चेकिंग और कोविड केयर के लिए ट्रेंड किया गया है।

हर थाना पर थर्मल स्कैनर की व्यवस्था कराई गई है। आंगतुक का टेंप्रेचर नोट किया जाता है।

थाने पर आक्सोमीटर दिया गया है। ऑक्सीजन की मात्रा और ब्लड प्रेशर भी देखा जाता है।

कोविड हेल्प डेस्क पर सेनिटाइजर से हैंड वॉश कराकर फरियादियों को अंदर भेजा जाता है।

बिना मॉस्क के थाने पर आए फरियादियों को पुलिस की तरफ से मॉस्क भी उपलब्ध करा रहे हैं।

कोरोना से बचाव के संबंध में जानकारी देने वाले पोस्टर भी हेल्प डेस्क पर चस्पा कराए गए हैं।

ट्रेनिंग लेने वाले पुलिस कर्मचारी, थाने के अन्य पुलिस कर्मचारियेां को भी ट्रेंड करते हैं।

सभी पुलिस कर्मचारियों के मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की हिदायत है।

पुलिस को कर्मचारियों को बताया गया है कि ड्यूटी के दौरान अलर्ट मिलने पर लोगों की जांच कराएं।

वर्जन

थानों पर कोविड हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। फरियादियों की जांच पड़ताल के बाद उनको कोरोना संक्रमण से बचाव के संबंध में जानकारी दी जाती है। सभी जगहों पर ट्रेंड पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी उपाय अपनाए जा रहे हैं।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी

Posted By: Inextlive