jamshedpur@inext.co.in
JAMSHEDPUR: सौरव तिवारी (65 रन), कुमार देवव्रत (88 रन) व अनुकूल राय (58 रन) के सामूहिक प्रयास की बदौलत झारखंड ने चेन्नई में चल रहे विजय हजारे ट्रॉफी के अंतिम लीग मुकाबले में जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला महाराष्ट्र से होगा। अंक तालिका में 32 अंक लेकर झारखंड शीर्ष पर है।

झारखंड ने बनाए 290

पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड की टीम ने 50 ओवर में 290 रन बनाए। झारखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। आनंद सिंह (16) व कप्तान इशान किशन (21) ने पहले विकेट की साझेदारी में 34 रन ही जोड़े थे कि इशान किशन को तनवर ने अपना शिकार बनाया। अभी इस झटके से झारखंड उबर भी नहीं पाया था कि विराट सिंह को पठानिया ने बोल्ड आउट कर दिया। आनंद सिंह भी सस्ते में पेवेलेयिन लौट गए। एक समय झारखंड का स्कोर तीन विकेट पर 41 रन था, लेकिन धन्य हो सौरभ तिवारी व कुमार देवव्रत की पारियों की, जिसने पारी को स्थायित्व प्रदान किया। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट की साझेदारी में 130 रन जोड़े। कुमार देवव्रत ने 112 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके व चार छक्के की मदद से 88 रन बनाए। वहीं, सौरभ तिवारी ने आतिशी पारी का प्रदर्शन करते हुए चार छक्के व दो चौके की मदद से 64 गेंद में 65 रन बनाए। अनुकूल राय ने तीन चौके व चार छक्के की मदद से 58 रन बनाए। सर्विसेज की ओर से गेंदबाजी करते हुए डीजी पठानिया, एन तंवर व एके तिवारी ने तीन-तीन विकेट लिए।

265 पर सिमटी सर्विसेज

जवाबी पारी खेलने उतरी सर्विसेज की टीम 47.4 ओवर में 265 रन बनाकर सिमट गई। जी राहुल सिंह ने 75 व आरएस पालीवाल ने 68 रन बनाए। झारखंड की ओर से गेंदबाजी करते हुए वरुण एरोन व अनुकूल राय ने चार-चार विकेट लिए, वहीं मोनू कुमार व शाहबाज नदीम को एक-एक विकेट मिला।

Posted By: Inextlive