RANCHI : मंगलवार को डीएवी हेहल के समीप निर्माणाधीन अपार्टमेंट में फायरिंग करने के आरोप में पंडरा ओपी पुलिस ने राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ उसके भाई जितेंद्र सिंह ने ही पंडरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र सिंह वहां पर अपार्टमेंट का निर्माण करवा रहे थे। इस क्रम में उसके भाई राजेंद्र सिंह को आपत्ति थी। इस बात को लेकर दोनों भाईयों में अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार को राजेंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचा और लाइसेंसी हथियार से पांच से छह राउंड फायरिंग की। फायरिंग होता देख वहां काम कर रहे मजदूर भागने लगे। हालांकि फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पंडरा ओपी प्रभारी हरेंद्र कुमार राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जितेंद्र सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पहले शराब बेचने के जुर्म में पकड़ा, फिर छोड़ा

सुखदेवनगर थाना पुलिस ने पहले शराब बेचने के आरोप में सन्नी कुमार नामक युवक को अरेस्ट किया। रात भर उसे सुखदेवनगर थाना के हाजत में रखा गया। सुबह होते ही पुलिस ने उसे छोड़ दिया। सन्नी आराम से थाना परिसर के बाहर टहलते देखा गया।

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि मिलन चौक पर सन्नी नामक युवक अवैध शराब की बिक्री करता है। सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ा, डराया-धमकाया और जेल भेजने की बात की। फिर, पुलिस ने उसे छोड़ दिया। हालांकि, इस बाबत कोतवाली डीएसपी दीपक अंबष्ठ का कहना है कि इस मामले की जानकारी उन्हें नहीं है। यदि मामला सही है तो इसकी छानबीन करूंगा।

छात्रा से मोबाइल छीनकर फरार

कॉलेज की छात्रा प्रियंका कुमारी से बाइक पर सवार अज्ञात युवकों ने सोमवार को मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में प्रियंका कुमारी ने लालपुर थाने में मोबाइल छीने जाने संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की धर-पकड़ के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

Posted By: Inextlive