बढ़ती ही जा रही हैं चोरी, लूट और स्नेचिंग की घटनाएं

पुलिस ने बदमाशों पर शिकंजा कसने को बनाई रणनीति

आगरा। बदमाशों के लिए ये मौसम बेहद फायदेमंद साबित हो रहा है। धूप की वजह से राहों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लिहाजा बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। गुरूवार को दयालबाग में शिक्षक के घर हुई चोरी की घटना इस बात की गवाही देती है। पिछले दिनों लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाएं भी पुलिस के लिए चुनौती बनीं। इस चुनौती से निपटने के लिए पुलिस ने नई रणनीति तैयार की है।

बदमाशों को बढ़ते तापमान का मिल रहा फायदा

मौसम का मिजाज बेहद गर्म है। इस समय दोपहर में तापमान है। तपती धूप में लोगों का घर से निकलना दूभर है। लोग खरीदारी भी शाम को ही करना पसंद करते हैं। इस कारण बदमाशों को खुलकर लूट, चोरी और चेन स्नेचिंग करने का मौका मिल रहा है। सन्नाटे में अकेली महिला व दम्पत्ति आदि को बदमाश आराम से निशाना बना लेते हैं। हाल ही में बदमाशों ने कई लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। उनकी यह टाइमिंग दोपहर की रही। बदमाशों ने न्यू आगरा क्षेत्र सर्विस रोड पर 17 लाख की लूट को अंजाम दिया। कमला नगर में फैशन डिजायनर के साथ भी घर के सामने बैग लूटने का प्रयास किया। चेन स्नेचिंग की वारदात इसी क्रम में कई हैं। सभी घटनाएं दिनदहाड़े दोपहर में हुई हैं।

लगेगी पुलिस की ड्यूटी

इस मामले में एसपी सिटी ने पुलिस की ड्यूटी लगाई है। ऐसी कॉलोनियों को चिन्हित किया गया है, जो दोपहर में अधिक सन्नाटे से भर जाती हैं। ऐसे स्थानों पर दोपहर में चीता पुलिस की गश्त तय कर दी जाएगी। दोपहर में चीता कॉलोनी का चक्कर लगाएगी। साथ ही रास्तों में मिलने वाले लोगों से भी पूछताछ करेगी। इसमें बदमाश अधिकतर बाइक पर ही घूमते हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से लूट की वारदातों पर अंकुश लग सकेगा।

Posted By: Inextlive