-एक्स डीजीपी वीडी राम का कुक है पीडि़त, पैर फ्रैक्चर होने के बाद 27 अक्टूबर से है एडमिट

- बरियातू पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, जामताड़ा के नाला का रहनेवाला है आरोपी

RANCHI : झारखंड का सबसे बड़ा अस्पताल रिम्स हमेशा सुर्खियों में रहता है, लेकिन गलत वजहों से। कभी यहां रेप की घटना घट जाती है तो कभी कोई हथियार के साथ पकड़ा जाता है। कभी डॉक्टर्स यहां पेशेंट्स की पिटाई कर देते हैं तो कभी डॉक्टर्स के साथ दु‌र्व्यवहार हो जाता है। गुरुवार की रात यहां से दो अपराधी आ‌र्म्स के साथ पकड़े गए थे, जबकि यहां भर्ती एक मरीज का देर रात एक व्यक्ति ने ब्लेड से गला रेतकर हत्या करने की कोशिश की गई। उसे सात टांके लगे हैं और इलाज चल रहा है। जिसकी हत्या की कोशिश की गई उसका नाम परमानंद यादव है और वह एक्स डीजीपी पूर्व डीजीपी विष्णुदयाल राम (वर्तमान में पलामू सांसद) का कुक है। आरोपी को बरियातू थाना पुलिस ने पकड़ लिया है। वह जामताड़ा के नाला थाना क्षेत्र के रघुनाथ चौक का रहनेवाला है। परमानंद यादव के बयान पर बरियातू थाना पुलिस ने आरोपी सुबोध घोष के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।

गुरुवार देर रात की घटना

रिम्स के ऑर्थो वार्ड के बेड नंबर 0235 में परमानंद यादव एडमिट है। उसका लालपुर में कुछ दिनों पूर्व एक्सीडेंट हुआ था। इसमें उसके पांव टूट गए थे। वह अपनी पत्‍‌नी मालती देवी के साथ कांटाटोली में किराए के मकान में रहता है। उसने बताया कि गुरुवार की रात में सभी मरीज सोने की तैयारी में थे। परमानंद की पत्‍‌नी मालती भी बेड के नीचे सो रही थी। इसी क्रम में आरोपी सुभाष घोष रात में उठा और परमानंद का ब्लेड से गला रेतने लगा। इस दौरान परमानंद जब चीखा तो आरोपी खिड़की से फरार हो गया। सुबह उसे रिम्स के गा‌र्ड्स ने बरियातू थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इधर आरोपी सुबोध का कहना है कि परमानंद उसके साथ गाली-गलौज करता था। इससे वह दुखी था और इसलिए उसने उसका गला रेत कर हत्या का प्रयास किया। सुबोध घोष के साथ उसके दादा जगतनंदू मन्ना उसे एडमिट कराने आए थे। वह भी हजारीबाग झरपो निवासी वासुदेव महतो के 37 सौ रुपए लेकर फरार हैं।

Posted By: Inextlive