खुद को सिद्ध पुरुष बता देवी दर्शन कर लौट रही महिला के गहने लेकर भाग निकले ठग

PRAYAGRAJ: अब भगवान के नाम पर भी ठगी और झांसा देने वालों का गैंग एक्टिव हो चुका है। देवी दर्शन कर लौट रही एक महिला इस गैंग के झांसे में फंस गई। शातिरों के ईमोशनल ड्रामे में महिला फंस गई। इसके बाद महिला के सारे गहने उतरवा कर शातिर भाग निकले। पीडि़त महिला के बेटे ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस केस की पड़ताल में जुट गई है।

इमोशनल ड्रामे में फंसी महिला

कर्नलगंज एरिया स्थित पुराना कटरा निवासी बीना यादव आठ सितंबर की सुबह पूजा करने काली माई मंदिर यूनिवर्सिटी चौराहे के पास गई थीं। पुलिस को दी गई तहरीर में उसके बेटे प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि लौटते समय रास्ते में मां को दो व्यक्ति मिले। दोनों ने बीना से परिवार में घटी कुछ घटनाओं का जिक्र किया। कहा कि दोनों देव सिद्ध हैं और देहरादून उत्तराखण्ड से आए हुए हैं शनिवार को ही वापस होना है। यह बताते हुए दोनों ने कहा कि वे परिवार के सारे कष्ट दूर कर सकते हैं। महिला झांसे में आई तो दोनों 51 कदम साथ चलने के लिए कहा। थोड़ी दूर जाने के बाद दोनों बोले कि बदन पर पड़े सोने की दोनों चेन, दोनों अंगूठी व कान की बाली आदि उतार कर उनके लाल कलर के कपड़े में रख दे। उसने ऐसा ही किया। इसके बाद शातिरों ने कहा कि बगैर पीछे मुड़े वह घर की तरफ 51 कदम बढ़े। 51 कदम चल कर उन्होंने पीछे देखा तो दोनों उसके सारे गहने लेकर भाग चुके थे। प्रदीप के मुताबिक उसकी के साथ घटना को अंजाम देने वालों में पांच से छह लोग थे। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में उसने देखा है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

क्षेत्र में इस तरह की पहली घटना सामने आई है। युवक ने तहरीर में बताया है कि उसकी मां के साथ यह वारदात हुई है। रिपोर्ट दर्ज कर शातिरों की तलाश की जा रही है।

अरुण कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर कर्नलगंज

Posted By: Inextlive