- चिडि़याघर से दो लाख रुपए की सरिया चोरी

- गीडा के नगवा में मकान को बनाया निशाना

GORAKHPUR:

जिले में पुलिस के हाई अलर्ट पर रोजाना हो रही चेकिंग के बावजूद चोरियां हो रही हैं। पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए शुक्रवार रात चोरों ने कई जगहों पर ताले तोड़े। रामगढ़ताल एरिया में निर्माणाधीन चिडि़याघर से करीब दो लाख रुपए की सरिया चोर उठा ले गए। ठेकेदार ने मुंशी पर शक जताते हुए तहरीर दी। पुलिस इसे लेनदेन का मामला मान रही है। उधर, गीडा के नगवा सहित कई जगहों पर चोरों ने लाखों रुपए नकदी और ज्वेलरी सहित भारी सामान समेट लिया। सूचना मिलने पर पुलिस छानबीन में जुटी है।

निर्माणाधीन चिडि़याघर से दो लाख की सरिया चोरी

रामगढ़ताल एरिया में चिडि़याघर का निर्माण चल रहा है। गुरुवार रात चोरों ने करीब दो लाख रुपए कीमत का सरिया गायब कर दिया। शुक्रवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर ठेकेदार रजत कुमार श्रीवास्तव ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। उन्होंने एक अन्य ठेकेदार के मुंशी पर चोरी कराने का आरोप लगाया। मुंशी को हिरासत में लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है। गाजीपुर निवासी रजत कुमार श्रीवास्तव लखनऊ में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। चिडि़याघर में उनकी फर्म आरजे इनफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड कम्पनी के नाम से काम कर रही है। पुलिस मान रही है कि दोनों पक्षों में वेतन को लेकर विवाद चल रहा है।

चोरी की सूचना पर मुंबई से लौटी फैमिली

गीडा के नगवा में मकान का ताला तोड़कर चोरों ने तीन लाख रुपए के गहने चुरा लिए। रिश्तेदारों की सूचना पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। अमटौरा के राजकपूर साहनी का मकान नगवां के पास है। फैमिली संग मुंबई रहने वाले राजकुमार के मकान में चार माह से ताला बंद था। गुरुवार को उनकी रिश्तेदार सुनीता देवी मकान की देखभाल करने पहुंची। तब पता लगा कि ताला तोड़कर चोरों ने कीमती सामान समेट लिया है। घर में चोरी की जानकारी पाकर राजकपुर अपनी फैमिली संग गोरखपुर पहुंचे। शनिवार को गीडा थाना पर पहुंचकर बताया कि तीन लाख रुपए से अधिक के गहने चोर उठा ले गए हैं।

22 हजार रुपए का नमक चुरा ले गए चोर

चौरीचौरा एरिया के सोनबरसा में शुक्रवार रात विशाल इलेक्ट्रानिक्स की दुकान से चोरों ने 50 हजार का सामान चुरा लिया। कस्बा निवासी दुकान मालिक उपेंद्र सिंह ने दिवाली की तैयारी में इलेक्ट्रानिक्स सामान का आइटम मंगाया था। शुक्रवार रात दुकान के पीछे तरफ बगल के कमरे में लगी सीमेंट सीट हटाकर चोरों ने दीवार में सेंध लगा दी। दुकान में रखी नकदी और कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए। उधर, घघसरा पुलिस चौकी के पास शुक्रवार रात चोरों ने दुकान के बाहर रखी 25 बोरी नमक की चोरी कर ली। शनिवार सुबह दुकानदार सुभाष और शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि दोनों दुकानों से 22 हजार रुपए का नमक लेकर चोर फरार हो गए हैं।

Posted By: Inextlive