दो स्थानों पर हुए हादसे में दो लोगों की मौत

PRAYAGRAJ: कार में बैठते ही स्टेयरिंग पर नियंत्रण नहीं रहा। भूल गए कि स्वयं संग दूसरों को भी सुरक्षित रखना है। कार सवारों की यही भूल दो लोगों के लिए काल बन गई। सोरांव में महिला तो नवाबगंज में अधेड़ को रौंदते हुए निकल गयी। पब्लिक पहुंची तो दोनों दम तोड़ चुके थे। लोगों ने खबर पुलिस को दी। दोनों के मिले मोबाइल से उनके घर जानकारी दी गई।

मायके जा रही थी महिला

दो दिन पूर्व कार ने शहर के कैंट में मासूम की जान ले ली थी। यह घटना लोगों के जेहन से निकली नहीं कि कार से दो और हादसे हो गए। पहली घटना सोरांव स्थित रइया गांव के पास हुई। क्षेत्र के सरायबाजू की गीता देवी (45) पत्‍‌नी स्व। रामसूरत पटेल का मायका सिमरा गांव में है। वह सरइया गांव के पास रोड किनारे मायके जाने के लिए साधन का इंतजार कर रही थी। इस बीच मौत बन कर तेज रफ्तार कार उसे रौंदते हुए पार हो गई। मृतका के एक पुत्र एक बेटी है।

साधन का कर रहा था इंतजार

दूसरी घटना नवाबगंज एरिया स्थित टिकरी गांव के पास हुई। राजगीर छोटेलाल प्रजापति (40) गांव में मकान बना रहा था। शुक्रवार शाम काम बंद करने के बाद वह घर जाने लगा। उसका घर प्रतापगढ़ जिले के बाघराय एरिया स्थित रामगढ़ बनोही में है। साधन पकड़ने गांव के लिए वह टिकरी गांव के पास चौराहे पर पहुंचा। बताते हैं कि वह रोड किनारे पटरी पर खड़ा होकर सवारी का इंतजार कर रहा था। इस बीच तेज रफ्तार कर ने उसे टक्कर मार दिया।

Posted By: Inextlive