-मालसलामी में कारोबारी ने कर्ज नहीं लौटाया तो गोली मारकर ले ली जान

-पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों युवक को किया घायल

-शनिवार को नौबतपुर में कपड़ा व्यवसायी को मारी गोली

-घटना के बाद फरार हो गए आरोपी, पड़ताल में जुटी पुलिस

PATNA(15Sept)

राजधानी में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक गोलीबारी की घटना हो रही है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। राजधानी के मालसलामी थाना क्षेत्र में रविवार को एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने कर्ज लिया था और वो उसे चुका नहीं पा रहा था। इस कारण उसकी हत्या कर दी गई है। मामले में पुलिस जांच कर रही है। हैरानी की बात ये है कि राजधानी में पिछले 24 घंटे में गोलीबारी की तीन घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एक व्यापारी की मौत हो चुकी है। एक दिन में दो बड़ी वारदात होने से शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। तीनों मामले में आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

बाइक से आए थे अपराधी

मालसलामी थाना क्षेत्र के सिमली निवासी राजेश कुमार त्रिपोलिया में व्यापार करते थे। रविवार को व्यापारी मोहल्ले में ही एक साइकिल की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान अपराधी आ धमके और उसे गोली मार दी। व्यापारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया यह भी जा रहा है कि मृतक राजेश ने किसी व्यक्ति से कर्ज ले रखा था। जिसे वह लौटा नहीं पा रहा था। इसी बात को लेकर उसे लगातार धमकी दी जा रही थी और इसे लेकर ही उसकी हत्या कर दी गई। पटना सिटी एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

-------

पता पूछने के विवाद में युवक को मारी गोली

रविवार की सुबह राजधानी के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि पता पूछने पर शुरू हुए विवाद के बाद जोगीपुर नहर के पास बाइक सवार अपराधियों ने रोशन कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। गंभीर अवस्था में घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पत्रकार नगर थाना क्षेत्र की पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है। घायल वैशाली के बिदुपुर का रहने वाला है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

एक दिन पहले हुई थी कपड़ा कारोबारी की हत्या

शनिवार की सुबह नौबतपुर के अतिव्यस्तम इलाका बिचली बाजार स्थित संगीता वस्त्रालय के संचालक अमित कुमार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी। कारोबारी की हालत काफी गंभीर है। कारोबारी अपनी दुकान पर बैठा था तभी एक अपराधी हाथ मे पिस्टल लहराते हुए आया और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद अपराधी वहां से भाग गए। इससे पहले अमित के चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

महीन हत्या

जनवरी 22

फरवरी 25

मार्च 29

अप्रैल 16

मई 27

कुल 119

वर्जन

मामले में हम लोग जांच कर रहे हैं। रुपए के लेनदेन में विवाद का मामला सामने आ रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-मनीष कुमार, एसडीपीओ पटना

Posted By: Inextlive