- घुमंतू जनजाति के कई गिरोह यूपी में सक्रिय, डकैती की संगीन वारदात देते हैं अंजाम

- वारदात की स्टाइल बदली, लेकिन अंधविश्वास आज भी कायम

LUCKNOW: राजधानी के गोमतीनगर इलाके में पिछले दिनों हुई डकैती की दो वारदातों ने पुलिस को कुछ ऐसे सुराग दिए है जो भविष्य में घुमंतू गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की अहम कड़ी बन सकते है। दरअसल घुमंतू गिरोह तेजी के साथ अपराध करने का तरीका बदल रहे है, यही वजह है कि घटना के बाद यह अंदाजा लगा पाना मुश्किल हो रहा है कि वारदात किस गिरोह ने अंजाम दी है। बेहद खतरनाक माने जाने वाले कुछ घुमंतू गिरोह आज भी राजधानी को अपना निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। गोमतीनगर में अंबेडकरनगर के डीएफओ के घर डकैती के बाद अपराधियों का कोई अहम सुराग न मिलना यह संकेत दे रहा है कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए वे तेजी से अपने तौर-तरीकों को बदलते जा रहे है।

तंत्र-मंत्र का टोटका नहीं

करीब तीन दशक से ऐसे गिरोह राजधानी और आस-पास के जिलों में सक्रिय है। बावरिया, कच्छा-बनियान जैसे घुमंतू गिरोहों के अपराध करने का तौर तरीका बेहद खौफनाक होता है लेकिन पिछली कुछ घटनाओं में सामने आया है कि वे अपने परंपरागत तरीकों को त्याग रहे हैं। ये गिरोह मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर इलाके की जनजाति है। इन गिरोहों के सदस्य अब लकड़ी के हथियार की जगह देशी तमंचा और लोहे की रॉड का इस्तेमाल करने लगे है। वारदात को अंजाम देने के लिए वह लोकल स्तर पर चार पहिया गाड़ी (लोडर, पिकअप) हॉयर करते है। उसका ड्राइवर भी स्थानीय होता है जिससे चेकिंग या पुलिस के रोके जाने पर ड्राइवर मैनेज कर सके। उनका ड्रेस कोड भी बदल गया है खासतौर से कच्छा बनियान गिरोह का। पहले वह कच्छा बनियान पहनते थे लेकिन अब वह जींस और टी शर्ट पहनते है।

घुमंतू जनजाति के सक्रिय गैंग

1. बावरिया

2. काछी

3. पवेरा

4. कबूतरा

(यह मूल राजस्थान के भरतपुर की जनजाति है और उनकी अपराध की कार्यशैली एक जैसी होती है)

चार महीने ही सक्रिय रहते हैं

बावरिया, काछी, पवेरा और कबूतरा गैंग कबीले के रूप में काम करते हैं। हर गैंग या कबीले में एक सरदार होता है। यह साल में केवल चार महीने सक्रिय होते हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद घटना के समय ही शहर छोड़ देते हैं। गैंग के सदस्य किसी भी शहर में आने-जाने के लिए ट्रेन से सफर करते है और वारदात वाले एरिया के आस-पास डेरा लगाकर रहते हैं।

क्या है घुमंतू जनजाति के गैंग का तरीका

गैंग का एक ग्रुप घनी आबादी से कुछ दूर आउट स्कर्ट एरिया में टारगेट करते है। एक ग्रुप पहले वहां डेरा जमा कर परिवार के समय रहता है। फूल, गुब्बारे या छोटा मोटा सामान फेरी लगाकर बेचते है और उसी की आड़ में वह रेकी करते है। एक शहर में वह तीन से चार वारदात करने के लिए रेकी करते है और पूरी डिटेल जमा करते है। पीछे से आने वाले ग्रुप में सारी डिटेल उपलब्ध कराने के बाद वह परिवार की महिलाओं और बच्चों को उस प्वाइंट या शहर से करीब ढाई से तीन सौ किमी दूर भेज देते है। मुफीद टारगेट में हमला करने के लिए कबीले का सरदार अंतिम निर्णय लेता है।

वारदात से पहले तंत्र-मंत्र

मुफीद टारगेट पर वारदात करने से पहले गैंग का गुरु तंत्र-मंत्र करता है। मसलन एक मुट्ठी धान (चावल) की जोड़े में गिनती करते है। अंतिम गिनती में धान का जोड़ा आता है तो वारदात करते है और सिंगल धान आने पर उस रात वारदात को टाल देते है। दूसरी रात फिर तंत्र-मंत्र के साथ वहीं प्रक्रिया करते हैं।

अंधविश्वासी होते है गैंग के सदस्य

घुमंतू जनजाति के गैंग अंधविश्वासी होते है। वारदात के समय जाते समय शगुन और अपशगुन ज्यादा मानते हैं। मसलन रास्ते में काली बिल्ली रास्ता काट दे, रात में कौव्वा बोल दे या फिर राह चलते सांप नजर आ जाए तो उसे अपशगुन मानते हैं और वारदात नहीं करते है। जिस घर में वारदात करने जाते है अगर वहां मकान बंद मिले या फिर कोई इंसान नहीं मिलता है तो बिना लूट-पाट किए लौट जाते हैं।

इसको मानते है शुभ

घुमंतू गैंग जिस घर में वारदात करता है वहां खून बहाना शुभ मानते है। खून जरूर बहाते हैं और यह कनपटी के ऊपरी हिस्से में वार करते है। इनका हथियार लकड़ी का ठोस डंडा होता है और इस हथियार को पहले से लेकर नहीं आते बल्कि रास्ते में तैयार करते है।

कच्छा बनियान गैंग की उल्टी है रीति घुमंतू गैंग की अपेक्षा कच्छा बनियान गैंग की उल्टी रीति है। यह गैंग चोरी की वारदात को अंजाम देता है और घर के मालिक के जागने पर उस पर हमला करते है। यह डकैती की उद्देश्य से नहीं जाते है। जिस घर में वारदात करते है वहां गंदगी करना या फिर खाना खाना शुभ मानते है। इसके पीछे उनका लॉजिक होता है कि वह पकड़े नहीं जाएंगे।

Posted By: Inextlive