RANCHI : भोला पांडेय और सुशील श्रीवास्तव गैंग के बीच रांची से लेकर जमशेदपुर, हजारीबाग और कोयलांचल तक फैली गैंगवार की आग बुधवार को एक बार फिर भड़क उठी। हजारीबाग शहर के सरदार चौक के पास बीच सड़क पर बुधवार को दिन के 11 बजे गैंगवार में जिला परिषद अध्यक्ष सुशीला देवी के पति लखन साव और उसके चालक धमेंद्र सिंह पर हमलावरों ने एके-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग की। बोलेरो और बाइक से आए शूटरों ने उनके स्कार्पियो को ओवरटेक कर करीब 25 राउंड से भी अधिक गोलियां निशाना लगाकर दागी गई। इसमें चालक को चार गोलियां लगी है, वहीं लखन साव को एक गोली बांह में लगी है। आनन फानन में दोनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां से गोली निकालने बाद उन्हें रांची मेडिका अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी गई है।

एके -47 छोड़ भागे हमलावर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो और बाइक पर सवार चार हमलावर ने घटना को अंजाम दिया। इसके बाद वे बड़ा बाजार टीओपी की ओर भागे। इसी गली में एके-47 को फेंक दिया। बाइक और बोलेरो को भी घटनास्थल पर ही छोड़ दिया। पुलिस ने गली से एके-47 और 14 खोखे बरामद किया है। वहीं घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बोलेरो पर पथराव कर पूरी तरह चकनाचूर कर दिया।

घटना के बाद तनाव, पथराव

हालांकि, सांप्रदायिक तनाव और गैंगवार की घटना दोनों ही अलग थी। लेकिन दोनों आस-पास होने के कारण ही तनाव और फैल गया। घटना के बाद लोगों ने सरदार चौक के पास पथराव शुरु कर दिया। मौके पर मौजूद डीसी रविशंकर शुक्ला और एसपी ने कमान संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

टीओपी से 50 मीटर दूर हुई फायरिंग

गैंगवार की यह घटना बड़ाबाजार टीओपी क्षेत्र की है। टीओपी से महज 50 मीटर की दूरी पर हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया। इधर,पुलिस ने आसपास के जगह की चारों ओर से घेराबंदी कर रखी है और उसे संदेह है कि अपराधी वहीं कहीं छिपे हो सकते हैं।

भोला पांडेय गिरोह से अदावत

पूरी घटना गैंगवार से जुड़ी है। लखन साव का जुड़ाव सुशील श्रीवास्तव गिरोह से रहा था। इसे लेकर भोला पांडेय गिरोह से अदावत चल रही थी। यह पूरी घटना इससे जोड़ कर देखी जा रही है।

2014 में भी लखन पर हुआ था हमला, मारा गया ता बॉडीगार्ड

हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष सुशीला देवी के पति लखन साव 16 दिसंबर 2014 को भी बड़कागांव स्थित सूर्य मंदिर के पास जानलेवा हमला किया गया था। जहां लखन सा बाल बाल बच गए थे । उनका अंगरक्षक मिथिलेश तिवारी हमले में मारा गया था। इस घटना में बड़कागांव थाना में विकास तिवारी पतरातू एवं गुड्डू यादव पूर्व प्रकाश जादव पेपर खुर्द थाना बड़कागांव एवं अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया गया था।

Posted By: Inextlive