-आबादी के बीच में घुसकर बदमाश पांच सौ और हजार के पुराने नोट भर ले गए

-बदमाशों ने ग्राहक जाने के बाद वारदात को पौने चार बजे अंजाम दिया गया

Meerut :दिनदहाड़े दबथुवा के डाकघर में डकैती पड़ गई। वारदात को शाम पौने चार बजे बाइक सवार पांच बदमाशों ने अंजाम दिया है। सभी बदमाश नकाब लगाए हुए थे। वारदात के समय सभी ग्राहक वापस लौट गए थे। डाकघर में दो कर्मचारी मौजूद थे। बदमाश डाकघर के अंदर से साढ़े छह लाख के पुराने हजार और पांच सौ के नोट लूट ले गए। डाकघर में डकैती की घटना के बाद अफसर मौके पर पहुंचे। बदमाशों का कोई पता नहीं चल पाया।

सरेआम दिया अंजाम

सरधना थाने के दबथुवा गांव के मुख्य बाजार में उप डाकघर है। मंगलवार शाम करीब पौने चार बजे वहां उप डाकपाल धर्म सिंह और जीडी पैकर राजकुमार अपने कार्य में व्यस्त थे। दो बजे तक पैसे जमा करने का समय था। शाम के समय ग्राहक वापस लौट गए थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर पांच नकाबपोश बदमाश पहुंचे। उप डाकघर में घुसते ही बदमाशों ने धर्म सिंह व राजकुमार पर तमंचे तान दिए। बदमाशों ने धर्म सिंह का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक कर तोड़ दिया।

बदमाशों ने किया आतंकित

उप डाकघर के लैंडलाइन का तार भी काट दिया। तीन बदमाशों ने चादर में कैश समेटना शुरू कर दिया। जबकि अन्य दो बदमाश धर्म सिंह व राजकुमार को कवर किए रहे। बदमाशों ने डाकघर के अंदर से 6 लाख 33 सौ रुपये चादर में बांध लिए। बदमाश स्टाफ को जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों बाइक पर सवार होकर नानू गंगनहर पुल की ओर फरार हो गए। बदमाशों के चले जाने के बाद स्टाफ ने हल्ला मचाया, जिसे लेकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। आसपास एरिया में नाकाबंदी करने के बाद भी बदमाशों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। उप डाकपाल धर्म सिंह ने घटना की तहरीर थाने में दी है।

बच गए नये नोट

बदमाश डाकघर के अंदर से पुराने नोट ले गए। क्योंकि लोगों से बरामद नोट डाकघर में ऊपर ही रखे हुए थे, जबकि नये नोट 85 हजार अंदर रखे थे, जिनको बदमाश लूट नहीं पाए है। बदमाशों के जाने के बाद कस्बे में करीब एक घंटे तक हड़कंप मचा रहा।

डाकघर डकैती के मामले में सरधना के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगा दिया है। साथ ही देहात के डाकघर और बैंकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सिटी सर्किल के डाकघरों में भी पुलिस को मूवमेंट के आदेश दिए गए।

जे रविंदर गौड, एसएसपी

Posted By: Inextlive