JAMSHEDPUR : दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट की ओर से आयोजित मिलेनियल्स स्पीक के तहत लोगों ने गुरुवार को तार कंपनी नवल टाटा हॉकी स्टेडियम के पास राजनीटी में अपनी राय रखी। सभी ने 'करप्शन किस हद तक कम हुआ। यह आपके जीवन में क्या महत्व रखता है और क्या यह चुनावी मुद्दा होगा' इस विषय पर सभी ने बहस की। सबसे पहले इस मुद्दे पर बोलते हुए जगदीश महतो ने कहा, करप्शन एक जरूरी तथा देश के विकास से जुड़ा सबसे अहम मुद्दा है। इससे किसी देश का विकास निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि अगर हमारे देश के विकास में कोई सबसे बड़ा रोड़ा बन कर देश को तरक्की करने से रोक रहा है वो है करप्शन। सरकारी तंत्र के हर क्षेत्र में करप्शन से आपको सामना करना पड़ जाएगा। जगदीश ने कहा कि सरकारी क्षेत्र के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टरों में भी करप्शन ने अपनी जड़े जमा ली है। हालांकि इस पर रोक लगाने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं, लेकिन यह अभी पूरी तरह से दूर नहीं हुआ है। करप्शन आनेावाले लोकसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बनकर सामने आएगा। देवाशीष घोष ने कहा आज किसानों को सरकार द्वारा भेजी गई सहायता राशि हो, या फसल की सही कीमत उन्हें सही तरीके से नहीं मिल पाती है। हालांकि, इस पर रोक लगाने के लिए सरकार काफी सक्रिय है। पिछली सरकारों की तुलना में वर्तमान सरकार में करप्शन को कम करने का काफी प्रयास किया, पर जमीनी हकीकत कुछ और ही है।

डिजिटलाइजेशन हो रहा मददगार

मिलेनियल्स स्पीक के दौरान लोगों ने कहा कि आज सरकार सभी विभागों को डिजिटलाइजेशन से जोड़ करप्शन पर कुछ हद तक लगाम लगाने में कामयाब रही है। अब परिवहन विभाग को ही लें तो इस विभाग में हर कार्य डिजिटल माध्यम से हो रहा है। सरकारी तंत्रों को डिजिलटलाइजेशन से जोड़ने से हमसे अब किसी कार्य के लिए सरकारी कर्मचारी या अधिकारी पैसों की डिमांड नहीं कर सकता है, लेकिन ऐसा नहीं कह सकते हैं कि करप्शन पूरी तरह से खत्म हो गया है। आज भी करप्शन की वजह से आम लोगों को किसी काम को संपन्न कराने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जो देश के विकास में बाधा बनी हुई है। चर्चा के दौरान मिलेनियल्स ने एक स्वर में कहा कि जो पार्टी करप्शन को हमारे देश से पूरी तरह हटा देगी, हम उसकी सरकार बनवाना चाहेंगे।

भ्रष्टाचारी को टिकट ना दे

चर्चा के दौरान करप्शन के विषय में बोलते हुए शरत बेहरा ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार बढ़ने का सबसे बड़ा कारण देश के बड़ी पॉलिटिकल पार्टियों का भ्रष्टाचारियों को टिकट देना। आज हमारे देश तथा राज्य सरकार के मंत्रीमंडल और विधानसभा में ऐसे लोग हैं, जिनपर करप्शन के संगीन इल्जाम लगे हैं। वे ही करप्शन कम करने का बात करते हैं। शरत ने कहा कि चाहे कोई भी पार्टी सरकार बना ले, लेकिन जब तक भ्रष्ट लोगों को टिकट मिलेगा और वे लोकसभा व विधानसभा में चुनकर आएंगे तब तक करप्शन देश में खत्म होने का सवाल ही नहीं उठता। चर्चा के दौरान मिलेनियल्स ने कहा आनेवाले लोकसभा चुनाव में ऐसी राजनीतिक पार्टी की सरकार चुनेंगे, जिसने एक भी दागी नेता को टिकट नहीं दिया हो।

सही वोट है जरूरी

मिलेनियल्स ने कहा शहर में आज करप्शन के कारण ही एनएच-33 की ऐसी खस्ता हालत है। एक कंपनी के फायदे के लिए कई बार टेंडर बदले गए। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं अगर हम कोल्हान के सबसे बड़े गवर्नमेंट हॉस्पिटल महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) की बात करें, तो सरकार इसमें हर साल लाखों रुपए झोंकती है, पर हॉस्पिटल की हालत में सुधार नहीं हो रहा है। सरकारी स्कूलों में भी करप्शन के कारण बच्चों को अच्छा मिड डे मील (एमडीएम) नहीं मिल पाता है। इसमें दोषी स्कूल के कुछ शिक्षक के साथ ही अधिकारी भी रहते हैं। चर्चा के दौरान सभी ने कहा कि करप्शन के खात्मे के लिए सभी को सही वोट करना बहुत जरूरी है।

Posted By: Inextlive