कई मोहल्लों में 22 घंटे के बाद मिली बिजली

शुक्रवार की शाम आंधी-पानी ने बिगाड़ा सर्किट

GORAKHPUR: शहर में पूरी तरह से बिजली व्यवस्था बहाल होने में 22 घंटे का समय लग गया। शुक्रवार शाम आई आंधी ने बिजली अधिकारियों को दावों को एक झटके में उड़ा दिया। शहर में आंधी की बरबादी से बिजली के पोल-तार टूटने पर हाय-तौबा मची रही। शुक्रवार रात शहर में मोर्चा संभाले संविदा कर्मचारियों ने एक-एक कर मोहल्लों में बिजली सप्लाई शुरू कराई। बरगदवां क्षेत्र में हाई टेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से करीब 22 घंटे बाद सप्लाई शुरू हो सकी। एसई ने बताया कि शनिवार को सभी कर्मचारियों को काम पर लगा दिया गया था। इससे समस्या का समाधान जल्दी से किया जा सका।

संविदा कर्मचारियों ने संभाली कमान

शाम आई आधी-पानी ने तीन माह से चल रहे बिजली व्यवस्था के मरम्मत और सुधार कार्य की पोल खोल दी। शहर में कई जगहों पर पोल और तार टूट गए। बिजली कर्मचारियों के हड़ताल पर होने की वजह से रात में मरम्मत कार्य में भारी प्रॉब्लम आई। शहर में तैनात ज्यादातर जूनियर इंजीनियर और कर्मचारियों ने अपना मोबाइल स्वीच ऑफ कर लिया। इसके बाद संविदा कर्मचारियों के सहारे धीरे-धीरे एक-एक फीडर से लाइन चालू कराई गई। कुछ जगहों पर रात नौ बजे तक बिजली आ गई। लेकिन मोहद्दीपुर सहित कई जगहों पर रात में साढ़े 12 बजे के बाद सप्लाई मिल सकी। पोल और तार टूटकर गिरने से अधिकांश जगहों पर सप्लाई बाधित रही।

50 हजार से अधिक उपभोक्ता हुए परेशान

रात में बिजली सप्लाई न होने से शनिवार सुबह उपभोक्ताओं की दिनचर्या गड़बड़ा गई। समस्या बढ़ने पर अधिकारियों ने कर्मचारियों से काम पर लौटने के लिए कहा। तब कहीं जाकर मरम्मत कार्य पूरा हो सका। इसके पहले गोरखनाथ एरिया के राजेंद्र नगर, विकास नगर, जनप्रिय विहार, विकास नगर और मानीराम फीडर से रातभर सप्लाई बाधित रही। सुबह 10 बजे के बाद इनसे जुड़े मोहल्लों में सप्लाई शुरू हो सकी। हेचरी फीडर से दोपहर तीन बजे सप्लाई शुरू हुई। रुस्तमपुर में ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिरने से समस्या बनी रही। राप्ती नगर के रामजानकी नगर, खरैया पोखरा, राप्ती नगर फेज तीन सहित कई मोहल्ले के उपभोक्ता बिजली कटौती से परेशान रहे।

कर्मचारियों ने बेचे समोसे-पकौड़े

निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने असुरन चौराहे पर पकौड़ों की दुकान लगाई। शनिवार शाम मोदी-योगी पकौड़े के नाम से दुकान लगाई। माइक लगाकर समोसे पकौड़े बेचने की दुकान देखकर लोग जुटे रहे। सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि प्रतीकात्मक विरोध जारी रहेगा। सोमवार से आफिस और साइट के काम शुरू हो जाएंगे। दोपहर तीन बजे के बाद कर्मचारी प्रदेश सरकार के विरोध में प्रदर्शन जारी रखेंगे।

शहर की बिजली व्यवस्था बहाल हो चुकी है। शनिवार को सभी बिजली कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। कुछ जगहों पर पेड़ गिरने से प्रॉब्लम आई थी। हमारी कोशिश रही कि जल्द से जल्द सप्लाई शुरू कर दी जाए। सोमवार से बिजली विभाग के सभी रूटीन वर्क होंगे। आफिस और साइट पर कर्मचारी काम करेंगे।

एके सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत नगरीय वितरण मंडल

Posted By: Inextlive