आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र स्थित कमला नगर में विवाहिता ने ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वह कोर्ट के आदेश लेकर आई तो दरवाजा बंद कर लिया। पीडि़ता बुधवार रात से ससुराल की दहलीज पर दो बच्चों को लेकर बैठी है।

17 साल पहले हुई थी शादी

शाहगंज निवासी युवती की शादी 17 साल पहले कमला नगर निवासी कॉस्मेटिक कारोबारी के बेटे के साथ हुई थी। ससुर का लुहार गली में कॉस्मेटिक का होल सेल का काम है। विवाहिता के 14 साल की बेटी व 7 साल का बेटा है। पति ससुर की दुकान पर बैठता था। आरोप है कि ससुरालियों ने उससे 50 तोला सोना व 1 फ्लैट अतिरिक्त दहेज की मांग की। उसका मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न शुरु कर दिया।

पति को काम से हटाया

ससुर ने पति को काम से हटा दिया। दस साल पहले उसे किराए के मकान पर छोड़ दिया। असुरक्षित होने पर वह फिर से ससुराल आ गई। 2010 में उसे घर से निकाल दिया, तब से वह मायके में रह रही थी। वह ब्यूटी पार्लर चला कर बच्चों का लालन-पालन कर रही है। उसने मामले में अधिकारियों से शिकायत की लेकिन उसकी सुनवाई नही हुई। इसके बाद उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब जाकर उसे घर में रहने के कोर्ट से आदेश मिले।

दहलीज पर रात भर रही

आदेश है कि बहू घर में रह सकती है। वहां की सुविधाओं का लाभ उठा सकती है। बुधवार रात वह ससुराल गई, लेकिन उसके लिए दरवाजा नहीं खोला। आरोप है कि ससुराली पीछे के रास्ते से निकल गए। वह रात भर बरामदे में रही। रात की बारिश को भी उसने बच्चों के साथ झेला। उसने पुलिस कंट्रोल रूम व महिला संगठन को फोन किया। मौके पर पुलिस और समाजसेविका कुंदनिका शर्मा पहुंच गई। उसकी सास ने उसे रखने से साफ इनकार कर दिया। सास ने उसे अलग से मकान दिलाने की बात कही लेकिन विवाहिता ने इनकार कर दिया। उसका कहना था कि वह काम करती है। इंस्पेक्टर थाना न्यू आगरा नरेंद्र सिंह के मुताबिक अभी मामले में बातचीत चल रही है। मौके पर कोई झगड़ा न हो इसके लिए पुलिस तैनात की गई है।

Posted By: Inextlive