महिलाओं की सुरक्षा के लिए लांच किए गए तमाम मोबाइल ऐप नहीं कर रहे काम

-सिर्फ डायल 112 पर ही मिल रही है पुलिस की मदद

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है। तमाम ऐसे कदम उठाए गए जिनसे उनको मुश्किल हालात में सुरक्षा प्रदान की जा सके। इसके तहत कई मोबाइल एप लांच किए गए। जोर-शोर से उनका प्रमोशन किया गया कि मुसीबत के समय एक क्लिक पर मदद मिलेगी, लेकिन अब हालात यह हैं कि अब वो कहीं मिलते ही नहीं। ऐसे में भला कोई उनसे कैसे मदद ले। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यूपीकॉप ऐप में सारी सुविधाएं हैं। जबकि यूपीकॉप ऐप में महिलाओं के लिए कोई अलग से इंतजाम है ही नहीं।

महिलाओं को अब नजर नहीं आता 1090

प्रदेश सरकार ने 2018 में वुमेन पावर लाइन 1090 एप लांच किया था। इसे महिलाएं स्मार्ट फोन में डाउनलोड कर सकती थीं। किसी मुसीबत के वक्त इसके जरिए तत्काल पुलिस की मदद ले सकती थीं। प्रचार-प्रसार होने से महिलाएं इससे भली-भांती परिचित हो गयी थीं और जरूरत होने पर मदद भी लेती थीं। एक साल में ही यह ऐप गूगल प्ले स्टोर से गायब हो गया है।

वुमन सेफ्टी ऐप स्मार्ट वॉच से होता था कंट्रोल

वुमन सेफ्टी ऐप में एक ऐसा भी फीचर है, जिसकी मदद से स्मार्टवॉच से भी कंट्रोल किया जा सकता है और इमरजेंसी मैसेज भेजा जा सकता है। इसमें पैनिक बटन दबाते ही मैसेज, वीडियो और मेल चला जाएगा और मदद मिलेगी। हालांकि इस ऐप के बारे में पड़ताल करने पर पता चला कि यह काम ही नहीं करता है। इससे वीडियो तो दूर मैसेज या मेल तक नहीं जाता है।

सिर्फ कहने भर को है रक्षा एप

रक्षा ऐप को 2014 में केंद्र सरकार ने लांच किया था। बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसे डाउनलोड भी किया है। इसमें पुलिस को कॉल करने के लिए बटन, इमरजेंसी कॉलिंग, लोकेशन शेयरिंग और मैसेज भेजने की सुविधा है। इंटरनेट न होने पर भी यह ऐप मैसेज भेज सकता है। गूगल प्ले स्टोर पर लोगों के रिएक्शन देखने पर ये हकीकत सामने आती है कि यह काम का नहीं है। इससे कोई मेल न ही कोई मैसेज पुलिस को जाता है।

महिला सेल सुलझा रहा केस

मोबाइल ऐप के इतर शहर में मौजूद महिला सेल महिलाओं की सुरक्षा के लिए कारगर दिख रही है। हालांकि महिला थाना की अपेक्षा यहां पर त्वरित न्याय मिल रहा है। जनवरी से नवंबर तक महिला सेल में कुल 1039 मामले रजिस्टर्ड हुए। इसमें 600 मामलों को सुलझा लिया गया है। शेष मामले न्यायालय, सुलह न होने के चलते पेंडिंग में है।

Posted By: Inextlive