देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने मेक इन इंडिया के पहले हफ्ते की शुरूआत होने जा रही है। 13 फरवरी से मुंबई में इसका आयोजन होगा। जिसमें दुनिया की बहुराष्‍ट्रीय कंपनियां भाग लेंगी। इसके अलावा करीब 60 देशों के प्रतिनिधिमंडल समेत देश के टाटा व अंबानी जैसे उद्योगपति इसमें शरीक होंगे। यह आयोजन छह दिवसीय होगा।


छह दिवसीय कार्यक्रमजानकारी के मुताबिक देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 13 फरवरी से पहला ‘मेक इन इंडिया’ हफ्ता शुरू होने जा रहा है। इस आयोजन में करीब 200 बहुराष्ट्रीय कंपनियां शामिल होगी। इसके अलावा  60 देशों से 5,000 प्रतिनिधिमंडल इसमें भाग लेंगे। सबसे खास बात तो यह है कि इसमें रतन टाटा व मुकेश अंबानी सहित देश के कई दिग्गज उद्योगपति भी इसमें शरीक होने वाले हैं।  नितिन गडकरी, रविशंकर प्रसाद, निर्मला सीतारमण, अरुण जेटली और पीयूष गोयल सहित कुल 13 केंद्रीय मंत्री और 12 राज्यों के मंत्री इसमें भाग लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्धाटन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। मेक इन इंडिया के इस भव्य आयोजन में करीब देश के 17 राज्य शामिल होंगे। यह आयोजन कुल छह दिन चलेगा। इस आयोजन से देश में मेक इन इंडिया प्लान को एक नई दिशा मिलेगी। बड़े स्तर पर सफलता
वहीं इस आयोजन को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने खास तैयारी की है। महाराष्ट्र सरकार का कहना है कि 13 फरवरी दिन शनिवार से शुरू हो रहे ‘मेक इन इंडिया’ हफ्ते को लेकर लोगों में भी काफी क्रेज छाया है। इस आयोजन के दौरान करीब 4,000 अरब रुपये के निवेश प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उम्मीद की जा रही है इसमें एक बड़े स्तर पर सफलता हासिल होगी। आजकल भारत अच्छी वृद्धि की दिशा की ओर दिन ब दिन अग्रसर हो रहा है। सबसे खास बात तो यह है कि ब्रिक्स देशों में सात फीसद से अधिक की वृद्धि दर बरकरार रख चुका है। वहीं इस संबंध में वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि यह आयोजन जर्मनी के हैनोवर मेसे की तर्ज पर शुरू किया जा रहा है। हैनोवर विश्व में सबसे बड़ी औद्योगिक प्रदर्शिनयों के रूप में जाना जाता है।

inextlive from Business News Desk

Posted By: Shweta Mishra