- लगातार बढ़ रहे डेंगू के पेशेंट्स, 21 बेड बढ़ाए

- बच्चों के लिए 6 बेड का स्पेशल वार्ड भी तैयार

देहरादून,

डेंगू का प्रकोप शहर में लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार सरकारी अस्पतालों में डेंगू पेशेंट्स के पहुंचने का सिलसिला जारी है। हाल यह है कि दून हॉस्पिटल में डेंगू पेशेंट्स के लिए दो और वार्ड तैयार कर दिये गए हैं। इनमें से एक बच्चों के लिए रिजर्व किया गया है, जिसमें 6 बेड लगाए गए हैं। इसके अलावा डेंगू पेशेंट्स की केयर के लिए 10 नर्स और 10 वार्ड ब्वॉय भी संविदा पर भर्ती किए जाने की तैयारी है।

डेंगू वार्ड में मच्छर मार-मच्छरदानी

डीएम से लेकर सीएम द्वारा हॉस्पिटल के निरीक्षण के चलते अब स्वास्थ्य महकमा भी हरकत में आता दिख रहा है। डेंगू से बचने के लिए हर तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। डेंगू पेशेंट्स के लिए स्वास्थ्य विभाद द्वारा हर सरकारी हॉस्पिटल में मच्छर मार मच्छरदानी भेजी गई हैं। इनसे न केवल डेंगू पेशेंट्स मच्छरों के काटे जाने से बच पाएंगे, बल्कि इनमें लगा विशेष कीटनाशक मच्छरों को मारने में भी कारगर होगा। जिला वैक्टर जनित रोग अधिकारी सुभाष जोशी के अनुसार इस मच्छरदानी को धोने से भी उसका प्रभाव कम नहीं होता, क्योंकि इसके धागे के उत्पादन में ही कीटनाशक का उपयोग किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी हॉस्पिटल में मच्छरदानी भेजी गई है।

होम्योपैथिक विभाग ने लगाया कैंप

होम्योपैथिक विभाग की ओर से संडे को आंगनबाड़ी केंद्र ईश्वर विहार, तपोवन में डेंगू से बचाव के लिए होम्योपैथिक मेडिकल कैंप लगाया गया। कैंप में डॉ। च्योति गुप्ता, विजय प्रकाश पैन्यूली, एमपीडब्ल्यू भारती ने 826 लोगो को डेंगू से बचाव के लिए होम्योपैथिक दवा निशुल्क दी। शिविर में डेंगू के मच्छर का लार्वा घर मे पैदा न होने देने के लिए डॉक्टर्स ने लोगों को जानकारी भी दी। साथ ही इससे बचाव के उपाय भी बताए गए।

पार्षद व पार्षद पति में भी डेंगू के लक्षण

आमवाला तरला से पार्षद नीतू वाल्मीकि और उनके पति राकेश भी संदिग्ध रूप से डेंगू की चपेट में आ गए हैं। दोनों को एक निजी क्लीनिक में भर्ती किया गया है। प्रारंभिक रूप से इनमें डेंगू के लक्षण मिले हैं। दोनों के खून के नमूने एलाइजा जांच के लिए भेज दिए गए हैं।

Posted By: Inextlive