बरेली पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

उमेश गौतम को बताया जिम्मेदार और सहज प्रत्याशी

BAREILLY

निकाय चुनाव की डेट नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक दलों में घमासान तेज हो गया है। मंडे को भाजपा मेयर प्रत्याशी उमेश गौतम के समर्थन में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बरेली पहुंचे और कार्यकर्ताओं से बात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के मूलमंत्र देने के साथ ही उमेश गौतम को जीत दिलाने के लिए क्षेत्र में सभी लोगों से संपर्क करने के लिए कहा। इसके बाद वे शहर के एक होटल में पत्रकारों से रूबरू हुए।

पार्टी की लहर थी पर अब सुनामी है

प्रेसवार्ता में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा विधानसभा चुनाव में भाजपा की लहर थी पर अब सुनामी है। पार्टी पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव में कमल का परचम लहराएगी। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ क्षेत्र में चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। ऐसे में, कोई भी पार्टी बीजेपी के सामने टिक नहीं पाएगी। पार्टी ने निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के लिए रोड मैप तैयार किया है। जिसमें समाज के सभी वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है। इसमें लोगों की बेसिक समस्याओं बिजली, सड़क, पानी और महिला सुरक्षा के लिए खास प्लान तैयार किया गया है। मेयर पद के प्रत्याशी पहले भी बरेली के विकास के लिए अपनी ओर से मुहिम चला चुके हैं। अब वे पार्टी में शामिल होकर बरेली के लोगों की सेवा करने जा रहे हैं। इसके लिए उन्हें जनता का पूरा साथ मिलेगा।

प्लांट की व्यवस्था पर देंगे शाबाशी

उप मुख्यमंत्री ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के सवाल पर कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को किसी भी शिक्षण संस्थान की दीवार से लगाकर बनान एक ओछी मानसिकता का प्रमाण है। किसी भी ऐसी संस्था की दीवार पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को नहीं चलाया जा सकता। पार्टी के मेयर प्रत्याशी इस प्रोजेक्ट को अब ऐसी व्यवस्था करेंगे कि सभी लोग पार्टी और प्रत्याशी दोंनो को ही शाबाशी देंगे। पार्टी के मेयर प्रत्याशी सभी पार्टियों के प्रत्याशियों में सबसे अधिक लोकप्रिय हैं। वे बरेली के लिए स्मार्ट सिटी में बदलने के लिए एक सही और ईमानदार प्रत्याशी है।

टिकट न मिलने पर बनाई दूरी

मेयर पद के लिए भाजपा से टिकट लेने की जुगत में लगे रहे चेहरे मंडे को उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए। इस बारे में कार्यकर्ताओं समेत पार्टी के पदाधिकारियों के बीच भी काफी चर्चा रही। प्रेसवार्ता में भी इस बात को उठाया गया तो उप मुख्यमंत्री ने बड़ी ही सहजता से जबाव दिया कि पार्टी के अंदर कोई गुटबाजी नहीं हो रही है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता और बडे़ चेहरे पार्टी और प्रत्याशी को जीताने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। ये विरोधी पार्टियों द्वारा भाजपा की छवि को खराब करने के लिए लोगों को भ्रमित करने की कोशिश है।

Posted By: Inextlive