- शहर में विभिन्न जगहों पर चल रहे विकास कार्यो का लिया जायजा

- कई जगहों पर मिली कमियां, दिए जरूरी निर्देश

GORAKHPUR: शहर पहुंचे प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह ने शुक्रवार को नगर निगम, जल निगम और जलकल विभाग द्वारा कराए जाए रहे कार्यो का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यो में गुणवत्ता व समय सीमा में कार्य करने के लिए अफसरों को सचेत किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यो में गुणवत्ता व समय सीमा के अंदर कार्य को पूरा कराया जाए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन ठेकेदारों द्वारा कार्य ठीक से नहीं कराया जा रहा है उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अफसर इन कार्यो पर निगरानी रखें। कार्य प्लानिंग के पहले उसकी उपयोगिता को भी तय कर लिया जाए जिससे पैसे की बर्बादी न हो।

बारीकी से जांची हर योजना

गुरुवार की रात प्रमुख सचिव नगर विकास गोरखपुर पहुंचे। विश्राम करने के बाद शुक्रवार को सर्किट हाउस से निकल उन्होंने सबसे पहले चिडि़याघर की तरफ बने एसटीपी को देखा जहां उन्होंने कुछ सुझाव भी दिए। इसके बाद वह नंदानगर पहुंचे जहां जल निगम द्वारा सीवरेज सिस्टम तैयार किया जा रहा है। इस बीच उन्होंने लगाई जा रही पाइपों को भी देखा। इसके बाद जलकल कैंपस में स्काडा सिस्टम को देखने पहुंचे। जलकल के कई पंप स्वचालित हैं। इस सिस्टम से जुड़े पंपों की निगरानी जलकल कार्यालय में लगे कंप्यूटर से की जा रही है। उन्होंने इस सिस्टम को देखा। इसके बाद खुद भी संचालित किया।

गंदगी देख जताई नाराजगी

जलकल कैंपस में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि फंड मिलने के बावजूद कार्य नहीं कराया जाना गलत है। उन्होंने स्काडा सिस्टम से जुड़े लालडिग्गी पंप को भी देखा लेकिन बिजली न होने के कारण उसे चालू नहीं किया जा सका। बशारतपुर में उन्होंने जर्जर ओवर हेड टैंक को गिरा कर नया ओवर हेड टैंक बनाने का भी निर्देश दिया। लालडिग्गी पार्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य को अक्टूबर तक पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां मरम्मत कार्य नहीं हुए है उसे ठीक कराया जाए। वॉटर हार्वेस्टिंग का भी बंदोबस्त करने को कहा। ओपेन एयर जिम में खराब मशीनों को बदलने और टर्फ लगाने को भी कहा। उन्होंने इसको लेकर सख्त ऐतराज जताया कि ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे कार्यो की निगरानी नहीं की जा रही है। एई और जेई के कार्य पर उन्होंने असंतोष जताया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अंजनी सिंह, अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा, अनिल कुमार सिंह, सहायक नगर आयुक्त संजय शुक्ला, मुख्य अभियंता सुरेश चंद आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive