RANCHI:सिटी के बड़े-बड़े शॉपिंग मॉल्स में अब लोग दीदी स्टोर तलाश रहे हैं लेकिन यह स्टोर किसी भी मॉल में खोला नहीं जा सका है। जिला प्रशासन द्वारा अक्टूबर में ही दीदी स्टोर खोलने की तैयारी थी लेकिन 4 माह बाद भी किसी तरह का डेवलपमेंट नहीं हो पाया है। अब चुनाव नजदीक आ रहे हैं इसलिए करीब-करीब इसपर ब्रेक लग गया है। हालांकि, कोई भी अधिकारी आधिकारिक तौर पर इस मामले में कुछ भी कहने से कतरा रहा है। रांची डीसी आर महिमापत रे के इस ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत इस स्टोर में जैविक दूध, अनाज, फल, सब्जियां समेत युवाओं के डेली इस्तेमाल की कई वस्तुएं बेची जाएंगी। इसके संचालन की जिम्मेदारी महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप को सौंपी जाएगी। इस जबरदस्त योजना से एक तरफ जहां महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए अच्छे व्यवसाय और आय के स्त्रोत खुलेंगे वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्र में जैविक खेती व दूध उत्पादन करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। उनका उत्पाद सीधे दीदी स्टोर में आएगा और उन्हें अपने सामानों का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।

युवाओं का कूल स्टोर

दीदी स्टोर को युवाओं के लिए आकर्षित करने वाला कूल स्टोर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जैविक अनाज व अन्य खाद्य पदार्थो के साथ साथ युवाओं के लिए कई तरह की वस्तुओं का समावेश किया जाएगा।

न्यूक्लियस व हाई स्ट्रीट में खुलने हैं स्टोर

जैविक खाद्य पदार्थो की बढ़ती मांग को देखते हुए इसे पहले चरण में राजधानी के दो मॉल्स में खोलने का निर्णय लिया गया है। सरकुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल व मेन रोड के हाई स्ट्रीट मॉल में दीदी स्टोर खोले जाएंगे। इन मॉल में स्टोर खुलने से सामग्री का उचित मूल्यांकन हो सकेगा जिसका सीधा फायदा खेती करने वाले किसानों और स्टोर का संचालन करने वाली महिला ग्रुप को होगा।

हाइवे पर भी जैविक प्रोडक्ट

दिसम्बर माह तक शहर समेत ग्रामीण इलाकों के कई हिस्सों में दीदी स्टोर खोला जाएगा। जिला प्रशासन की नजर हाइवे पर भी है और ओरमांझी में एक जैविक स्टोर खोलने की तैयार की जा रही है, ताकि शहर में आने वालों तथा शहर से बाहर जाने वालों को इसका लाभ मिल सके।

बीमारियों से टकराएगा दीदी स्टोर

दीदी स्टोर का सीधा टकराव बीमारियों से होगा। डॉक्टरों का मानना है कि आज की तारीख में सबसे ज्यादा समस्या रासायनिक तरीके से की जाने वाली खेती से हो रहा है। रासायनिक मिलावट वाले अनाजों से लोग लगातार बीमारियों से ग्रसित होते जा रहे हैं। ऐसे में दीदी स्टोर के ताजा और रासायन विहीन फूड प्रोडक्ट उन बीमारियों से लोहा लेकर उन्हें परास्त करेंगे।

वर्जन

दीदी स्टोर की शुरुआत करने की तैयारी है। कुछ तकनीकी काम बाकी हैं जिसके कारण देर हो रही है। इसकी शुरुआत से जैविक खेती करने वाले किसानों से लेकर महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप तक को बेहतर फायदा मिलेगा। पहले चरण में शहर के बड़े मॉल्स में इसे खोलने की प्रक्रिया की जाएगी।

आर महिमापत रे, डीसी, रांची

लोगों को इससे काफी बड़ा फायदा मिलेगा। रासायन मिला अनाज खाना ही बीमारियों की मूल वजह है। ऐसे में यदि दीदी स्टोर जैसा जैविक खाद्य पदार्थो का स्टोर खुलता है तो लोगों को काफी राहत मिलेगी।

डॉ शैलेश चन्द्रा, रानी मेडिकल

Posted By: Inextlive