- गंदगी से परेशान वार्ड- 2 के लोग, इलाके में खराब हैंडपंप बन गए हैं शोपीस, स्थानीय लोगो में खासी नाराजगी

मेरठ। वार्ड- 2 में मुख्य मार्ग या फिर अन्य मार्ग हो हर जगह गंदगी का अंबार है। शहर के खास इलाकों में यह वार्ड आता है। यहां छोटी गलियां हैं। सुबह को वार्ड में सफाई कर्मी आते हैं पर सफाई के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। वहीं वार्ड में कई हैंडपंप भी खराब हैं। हालात यह है कि लोगों ने कब्जा तक कर लिया है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितने समय से वह हैंडपंप खराब पड़े होंगे। वही, नालियों की गंदगी को लेकर भी लोगों में परेशानी है। नालियां गंदगी से अटी हैं। हालात यह है कि नालियों का पानी भी सूख गया है। जगह-जगह गटर भी खुले हैं। कुछ ऐसा ही हाल नालों का भी है।

ये है डिमांड

- सफाई दोनो समय होनी चाहिए।

- हैंडपंप ठीक होने चाहिए।

- नालियों की सफाई नियमित रूप से होनी चाहिए।

- नालों की सफाई होनी चाहिए।

- खुले हुए गटर को बंद करना चाहिए।

वार्ड- 2

पार्षद- आंचल राहुल

मोहल्ले- भगवतपुरा, लक्ष्मणपुरी, गणेशपुरी, होराम नगर, आलोक विहार, गुलजारे इब्राहिम

जनसंख्या- 30,000

वोटर- 12,000

पढ़ाई- एमए बीएड

प्रश्न- पांच साल में आपने कितना विकास कराया।

उत्तर- पांच साल में मैंने अपने वार्ड में छह करोड़ रुपये से अधिक का विकास कराया है। जिसमें स्ट्रीट सोडियम लाइट लगवाई हैं। इसके अलावा वार्ड में नाली खड़ंजे, इंटरलॉकिंग टॉयल, हैंडपंप भी लगवाए हैं।

प्रश्न- वार्ड में गंदगी रहती है।

उत्तर- वार्ड में गंदगी जरूर रहती होगी। क्योंकि जितने सफाई कर्मी यहां पर तैनात है वह आते ही नहीं है। तो भी प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक सफाई हो जाए। कुछ स्थानों पर शाम तक दोबारा से गंदगी हो जाती है।

प्रश्न- हैंडपंप खराब पडे हुए हैं

उत्तर- हैंडपंप जितने भी खराब पड़े है सबको पहले ही ठीक करा दिया था। यदि कोई खराब है तो उसको भी जल्द ठीक करा दिया जाएगा।

हैंडपंप

वार्ड में नगर निगम की सप्लाई तो अच्छी है। दोनो समय पानी आता है और उसका प्रेशर भी ठीक है। लेकिन वार्ड में लगे हैंडपंप खराब पड़े हैं। हैंडपंप काफी समय से खराब पड़ा हुआ है। अनेक बार लोग हैंडपंप ठीक कराने के लिए कह चुके हैं। लेकिन वह ठीक नहीं हुआ है।

नाली

वार्ड-2 डेयरियां बहुत अधिक हैं। डेयरियों का गोबर नालियों में बहाया जाता है। जिसके कारण नालियों में गोबर भरा रहता है। इसके अलावा नालियां में गंदगी भी बहुत अधिक होती है। कुछ स्थानों में गंदगी के कारण नालियों रूकी पड़ी हुई हैं।

गंदगी

वार्ड में अनेक स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा रहता है। सुबह को रोज सफाई कर्मी तो आते हैं। पर शाम होते-होते गंदगी फिर से हो जाती है। हालात यह है गंदगी में आवारा पशु तक आ जाते हैं। गंदगी के कारण यहां पर मच्छरों की समस्या भी है। बावजूद इसके नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं देते हैं।

नाला

वार्ड में नाला भी गंदगी से अटा पड़ा हुआ है। नाले को देखकर तो ऐसा ही लगता है कि पूरे वार्ड की गंदगी यहीं पर डाली जाती है। बारिश के दिनों पर यहां पर जलभराव की समस्या भी हो जाती है। जिसके कारण लोगों को खासी समस्या का सामना करना पड़ता है। काफी समय से यहां पर जलभराव की समस्या से लोग जूझ रहे हैं।

खुले गटर

वार्ड में अनेक गटर खुले हुए हैं। लोग अनेक बार गटर को ढकने की मांग कर चुके हैं। लेकिन नगर निगम इस ओर कोई ध्यान हीं नहीं देता है। गटर खुले होने के कारण यहां पर अनेक बार दुर्घटनाएं भी हो गई है। कई लोगों को गंभीर चोट भी लग चुकी है। बावजूद इसके गटर को ढका नहीं गया है।

वर्जन

वार्ड में गंदगी का अंबार लगा रहता है। नगर निगम के सफाई कर्मी यहां आते तो हैं। लेकिन सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति करते हैं। प्राइवेट सफाई कर्मी लगाकर कूड़े को उठवाना पड़ता है।

राजेंद्र

यहां पर नाले की सफाई नहीं होती है। काफी समय हो गया जब नाले की सफाई हुई थी। बारिश के दिनों में यहां पर जलभराव की समस्या हो जाती है। अनेक बार नगर निगम से नाला सफाई के लिए कह चुके हैं पर समाधान नहीं होता है।

राजदुलारी

यहां पर हैंडपंप काफी खराब पड़े हुए हैं। अनेक बार हैंडपंप को ठीक करने के लिए नगर निगम में शिकायत कर चुके हैं। शिकायत के बाद भी हैंडपंप ठीक नहीं होते है। ठीक करने के नाम पर केवल आश्वासन मिलता है।

पूजा

नालियों में गंदगी बहुत रहती है। सफाई कर्मी नाली की सफाई नहीं करते हैं। हालात यह है नालियों में पानी की निकासी तक नहीं हो पाती है। बारिश के दिनों में नालियों की गंदगी सड़क पर आ जाती है।

बिजेंद्र

Posted By: Inextlive