-करछना के नरैना गांव में हुई प्रधानपति संजय गौतम की हत्या का खुलासा

-गिरफ्तार किए गए दो अभियुक्तों ने कबूला गुनाह, मर्डर में प्रयुक्त एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद

ALLAHABAD: करछना के नरैना गांव में पिछले माह हुई प्रधानपति संजय गौतम की हत्या का कारण उसकी बढ़ती हुई साख थी। वारदात का खुलासा करते हुए रविवार को यह जानकारी पुलिस लाइंस में एसपी यमुनापार ने मीडिया को दी। इस दौरान गिरफ्तार किए गए घटना को अंजाम देने वाले दोनों अभियुक्त कृष्णकांत तिवारी व सुनील कुमार तिवारी ने अपना गुनाह कबूल किया है। मर्डर में प्रयुक्त एक लाइसेंसी रिवाल्वर को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

घटना के बाद भाग गए थे मुंबई

एसपी यमुनापार दीपेन्द्र चौधरी ने बताया कि कृष्णकांत तिवारी को टोंस नदी स्थित पुल के पास से, जबकि सुनील कुमार तिवारी को मुम्बई के सांताक्रूज से गिरफ्तार किया गया। कृष्णकांत तिवारी ने बताया कि उसने काफी समय पहले गांव के ही सुरेश तिवारी से साढ़े दिन लाख रुपए उधार ले रखा था। यह पैसा वो चुका नहीं पा रहा था। वहीं सुरेश की प्रधान पति से रंजिश थी। घटना से एक माह पहले सुरेश ने ही मीटिंग करके प्रधानपति के कत्ल की योजना बनाई थी। उसने रेकी करने की जिम्मेदारी छोटू यादव को दी थी। छोटू का भी प्रधानपति से विवाद था। मर्डर की योजना बनाते समय सुरेश ने कृष्णकांत से वादा किया था कि वह उधार दिए गए पैसों को माफ कर देगा। साथ ही घटना के बाद वे उसे उतने ही पैसे और देगा। यह भी कहा था कि इस काम के लिए वे सुनील तिवारी को भी एक लाख रुपए देगा।

बॉक्स

लगातार हो रही थी रेकी

पूछताछ में कृष्णकांत तिवारी ने पुलिस को बताया कि प्रधानपति संजय गौतम की हत्या वाले दिन छोटू यादव लगातार उसकी रेकी कर रहा था। प्रधानपति जब घर के लिए निकला तभी छोटे ने उसकी लोकेशन मुझे और सुनील तिवारी को दी। लोकेशन मिलते ही सुनील तिवारी के साथ वह गांव के पास संजय का इंतजार कर रहा था। संजय की बाइक पास आते ही दोनों ने घेराबंदी करके गोली चलानी शुरू कर दी। बताया कि उसने खुद एक गोली व सुनील ने दूसरी गोली उसकी कनपटी पर मारी थी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों कई दिनों तक दिल्ली में थे। हाल ही में दोनों गांव लौटे थे। माहौल देख कर सुनील फिर मुंबई भाग गया था। कृष्णकांत ने घटना में जिस लाइसेंसी रिवॉल्वर का प्रयोग किया था, पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है। घटना में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Posted By: Inextlive