उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने शुक्रवार को इको-फ्रेंडली दिवाली के विचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य के सभी पुलिस स्टेशनों में मिट्टी के दीये जलाने का निर्देश दिया है। इसके साथ उन्होंने दिवाली पर थाने में चाइनीज लाइट का उपयोग नहीं करने के लिए भी कहा है।


लखनऊ (पीटीआई)। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने शुक्रवार को इको-फ्रेंडली दिवाली के विचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य के सभी पुलिस स्टेशनों में चाइनीज लाइट के बजाय मिट्टी के दीयों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है। इसके साथ डीजीपी यूपी ने पुलिस अधिकारियों को यह भी आदेश दिया है कि वह दिवाली के लिए चाइनीज लाइट ना खरीदकर भारी संख्या में स्थानीय कुम्हारों द्वारा हाथ से बनाए गए मिट्टी दीये खरीदें ताकि इस त्योहार में उनकी आय में वृद्धि हो सके। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी माटी कला बोर्ड के माध्यम से मिट्टी के बर्तनों और अन्य उत्पादों को प्लास्टिक के विकल्प के रूप में बढ़ावा दे रहे हैं, जो स्थानीय कारीगरों को ज्यादा से ज्यादा दीया और अन्य मिट्टी के उत्पादों को बेचने में मदद करेगा।अयोध्या में जलाए जाएंगे पांच लाख दीये
रविवार को दिवाली के शुभ अवसर पर अयोध्या में 5.50 लाख से अधिक मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे। राज्य सरकार ने इस साल तीसरे 'दीपोत्सव' कार्यक्रम के लिए पूरी तैयारी की है। बताया गया है कि 5.50 लाख दीपों में से लगभग 4 लाख राम पैड़ी में जलाए जाएंगे, जबकि बाकी शहर के अन्य धार्मिक स्थलों पर जलाए जाएंगे। दिवाली से पहले वायु-प्रदूषण की चिंता को देखते हुए, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने 5 अक्टूबर को पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन पटाखे लॉन्च किए हैं, जो भारत में निर्मित किए गए हैं और विक्रेताओं व उपभोक्ताओं के लिए बाजारों में उपलब्ध हैं।

Posted By: Mukul Kumar