- दीपावली पर महालक्ष्मी का पूजन कर मांगा आशीर्वाद, बांटा प्रसाद

- आतिशबाजी से आसमान रंगीन, बच्चों-बड़ों ने बांटी खुशियां

BAREILLY:

रोशनी का पर्व दीपावली संडे को धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने दीपों से घर-आंगन रोशन कर उत्सव को प्रकाशोत्सव में तब्दील कर दिया। इसके बाद बच्चों के साथ ही बड़ों ने भी खुशियां बांटी। एक दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देकर प्रसाद बांटा। फिर रात में सारा आकाश आतिशबाजी से रंगीन हो गया। दीपावली पर सुबह से ही लोग त्योहार मनाने की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए थे। दिन भर की थकावट दीपों के सजाने के बाद खत्म हो गई।

कुछ यूं रहा शहर का नजारा

दिवाली पर किसी ने सुबह घर-आंगन सजाना शुरू किया तो कोई बाजार में खरीदारी को निकला। दिन में पूजन के लिए जरूरी सामान की खरीदारी हुई। शाम होते-होते हर घर रंगीन झालरों से रोशन हो उठा। शाम को शुभ मुहूर्त शुरू होते ही चंद पलों में घरों में मां लक्ष्मी के पूजन की तैयारियां शुरू हुईं। लोगों ने शुभ मुहूर्त पर मां महालक्ष्मी का विधि-विधान से पूजन किया। खील-खिलौने, फल, मेवा समेत अन्य सामग्री से पूजन कर मनौतियां मांगी। इसके बाद घर-आंगन और छत पर दीपक और मोमबत्ती जलाकर रोशनी की।

मंदिरों में हुआ पूजन

दिवाली के दिन सुबह मंदिरों में देवी देवताओं का पूजन के बाद मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। मंदिरों में शाम को महालक्ष्मी पूजन के बाद दीपक जलाए गए। इसके अलावा व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर पूजन किया। पूजन के बाद सभी ने मिलकर आतिशबाजी का मजा लिया। बच्चों ने पटाखा, फुलझड़ी जलाकर उल्लास मनाया। तो पटाखों की धूम-धड़ाके से शहर गूंज उठा। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और प्रसाद बांटा। देर रात तक बच्चे प्रकाशोत्सव का आनंद लेते रहे। कुछ जगहों पर हल्की फुल्की घटनाएं भी हुई।

शुभ लाभ की बनी रंगोली

घरों में महालक्ष्मी और प्रथम पूज्य गणेश को समर्पित शुभ लाभ की रंगोली हर घर में बनाई गई। मुख्य द्वार पर लेडीज ने खूबसूरत रंगोली बनाकर रंगोली की फोटो सोशल साइट्स पर वायरल की। कुछ ने सराहा तो कुछ ने पर्सनल मेसेज के जरिए उसमें हल्की सुधार की गुंजाइश की सलाह दी। कुछ महिलाओं ने सुबह से दोपहर और कुछ ने दोपहर से शाम के बीच रंगोली बनानी शुरू की। रंगोली बनाने के बीच घर के पुरुषवर्ग बीच बीच में कमेंट्स पास कर माहौल को गुदगुदा रहे थे।

Posted By: Inextlive