- शाम 8 बजे के बाद अधिकांश क्षेत्रों के लिए नहीं मिलते साधन

- आई नेक्स्ट के कैंपेन में लोगों ने बताई समस्या, दिए सुझाव

Meerut। शहर में शाम 8 बजे के बाद आपको एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए कोई संसाधन नहीं मिलेगा तो लेट नाइट कनेक्टिविटी की बात करना भी बेमानी होगा। यह समस्या शहर से जुड़े क्षेत्रों या सटे हुए गांवों को लेकर और अधिक गहरा जाती है। रात में यदि भूले-भटके कोई रिक्शा या ऑटो मिल भी जाए, तो वो दस गुना पैसे मांगता है। ये परेशानी दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के कैम्पेन 'नाइसिल प्रजेंट्स गर्मी लगी क्या' में शामिल शहरवासियों ने शेयर की।

पब्लिक ने रखे विचार

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की ओर से सोमवार को सरस्वती लोक, मंगलपांडे नगर स्थित कोजी स्पॉ और हापुड अड्डा स्थित भगवत कॉम्पलेक्स में गर्मी लगी क्या कैंपेन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहरवासियों ने 'लेट नाइट कनेक्टिविटी इन सम लोकेशंस' विषय पर अपने-अपने विचार रखे। इस दौरान सरस्वती लोक निवासी गौरव अग्रवाल ने कहा कि मेवला पुल के पास रात आठ बजे के बाद कफर््यू जैसे हालात हो जाते हैं। इस समय के बाद यदि आप कॉलोनी में आना चाहे तो आपको कोई सवारी नहीं मिलेगी।

महिलाओं के लिए बड़ी समस्या

-ऑटो को दो अलग-अलग कलर के साथ दो शिफ्टों में बांटा जाना चाहिए। एक शिफ्ट में एक कलर वाले ऑटो को रात के लिए लगाय जाना चाहिए।

कोजी स्पा की डायरेक्टर आनित ने बताया कि लेट नाइट कनेक्टिविटी के चलते महिलाओं के सामने बड़ी समस्या है। उन्होंने बताया कि ब्यूटी सेंटर पर काम करने वाली लेडीज वर्कर्स की छुट्टी शाम 8:30 बजे तक हो जाती है। जिसके बाद उनको घर जाने के लिए साधन नहीं मिल पाते। यह समस्या शहर के भीतरी क्षेत्रों में और भी अधिक है। सोनिया ने का कहना है कि ड्यूटी के बाद कोई साधन न मिल पाने के चलते फोन करके किसी फैमिली मेंबर को घर से बुलाना पड़ता है।

गर्वमेंट को ठहराया जिम्मेदार

भगवती कॉंप्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में बलराज जिंदल का कहना है कि शाम के बाद पूरे शहर में कनेक्टिविटी की समस्या खड़ी हो जाती है। यदि आपकी ट्रेन लेट है या फिर आपकी बस कुछ लेट पहुंची है, तो फिर आपको बस अड्डे या रेलवे स्टेशन पर ही रात गुजारनी होगी। वहीं राजेश निगम ने बताया कि संसाधन के अभाव में दूर से आने वाले उनके ड्राइवर्स रात में घर नहीं जा पाते।

सुझावों पर करें गौर

-जागरण चौहारा से हापुड रोड और फिर तेजगढ़ी के लिए रात में सिटी बस सर्विस शुरू कराई जानी चाहिए।

-लेट नाइट के लिए अलग से सिटी बस शुरू की जानी चाहिए।

-सुरक्षा के लिहाज से सड़कों की स्ट्रीट लाइन ठीक की जानी चाहिए।

महिलाओं को मिले विशेष सुविधा

-महिलाओं के लिए रात में कैब आदि की व्यवस्था होनी चाहिए।

-एक चौराहे से दूसरे चौराहे के लिए लेट नाइट ऑटो चले।

-लेट नाइट सुविधा के लिए कोई सरकारी नंबर जारी हो।

-रात में पुलिस की पेट्रोलिंग और अधिक बढ़ाई जाए।

-रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्ड़ो से लेट नाइट सुविधा शुरू हो।

लेट नाइट कनेक्टिविटी शहर की बड़ी और पुरानी समस्या है। इसके लिए एक प्रभावशाली कार्ययोजना बनाई जानी चहिए।

-उमा शंकर पाल, सरस्वती लोक

रात में कनेक्टिविटी न होने के कारण अपराध बढ़ता जा रहा है। यात्रियों से लूटपाट होना आम बात हो गई है।

-प्रदीप गोयल, सरस्वती लोक

अर्ली मॉरनिंग व लेट नाइट कोई कोई सुविधा का न होना बड़ी समस्या है। ऐसे में जिनके पास अपना साधन नहीं है। उनके सामने संकट है।

-आनित, कोजी स्पा

रात को ड्यूटी के बाद घर तक पहुंचने में परेशानी आती है। महिलाओं के लिए अलग से लेट नाइट फैसेलिटी शुरू की जानी चाहिए।

-जेबा, कोजी स्पा

शहर के भीतरी और बाह्य क्षेत्रों के लिए अलग से रात वाली सुविधाएं शुरू की जानी चाहिए। ऐसे में सिटी बस बेहतर विकल्प है।

-रवि त्यागी, भगवती काम्प्लेक्स

Posted By: Inextlive