AGRA : तीन व‌र्ल्ड हेरिटेज मॉन्युमेंट को सहेज कर रखने वाला आगरा, टूरिज्म सेक्टर में रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। ऐसा भी नहीं है कि देश-विदेश के पर्यटक आगरा नहीं आ रहे। हर दिन हजारों की संख्या में मेहमान स्मारकों का दीदार करने ताज सिटी आते हैं, लेकिन उसके बाद भी सिटी का टूरिज्म अपेक्षित ग्रोथ को तरस रहा है। इस सेक्टर को पंख लगाने के उद्देश्य से ही टूरिज्म डिपार्टमेंट धरोहरों को लेकर डॉक्युमेंट्री फिल्म बनवाने जा रहा है।

चैनल करेगा फिल्म का निर्माण

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार के अनुसार आगरा जनपद में मुगलकालीन धरोहरों की कोई कमी नहीं हैं। ताजमहल के साथ आगरा किला और फतेहपुर सीकरी जैसे व‌र्ल्ड हेरिटेज मॉन्युमेंट्स हैं। इसके अलावा भी कई राष्ट्रीय महत्व के मॉन्युमेंट्स शहर की शोभा बढ़ा रहे हैं। इन मॉन्युमेंट्स को लेकर नेशनल ज्योग्राफिक चैनल से एक डॉक्युमेंट्री फिल्म बनवाई जाएगी।

अक्टूबर से शुरू हो सकता है डॉक्युमेंट्री पर कार्य

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी का कहना है कि इस डॉक्युमेंट्री फिल्म का निर्माण अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। फिल्म से रिलेटेड प्रपोजल चैनल से मंगवाया जा रहा है। प्रपोजल के मिलते ही इसको पर्यटन मुख्यालय भेज दिया जाएगा। लखनऊ से मोहर लगने के बाद आगरा में इस महत्वपूर्ण डॉक्युमेंट्री की शूटिंग का काम शुरू हो जाएगा।

दिखाया जाएगा कॉन्फ्रेस और महोत्सवों में

सिटी के टूरिज्म सेक्टर को ग्रोथ देने के उद्देश्य से बनवाई जाने वाली इस डॉक्युमेंट्री फिल्म को आने वाले समय में देश-विदेश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले महोत्सवों और बड़ी-बड़ी कॉन्फ्रेंसों में दिखाया जाएगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार की मानें तो प्रोजेक्ट में कोई रुकावट नहीं आई तो वर्ष 2016 के पहले महीने यानी कि जनवरी में यह फिल्म बनकर तैयार हो जाएगी। डॉक्युमेंट्री फिल्म में राष्ट्रीय महत्व की धरोहरों की हिस्ट्री के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। मुगल शासकों की जीवन शैली की भी जानकारी मिल सकेगी। बादशाहों के बाग-बगीचों के प्रेम का भी उल्लेख किया जाएगा। राष्ट्रीय धरोहरों की स्थापत्य कला और मुगलकाल की संस्कृति की भी एक झलक इसमें दिखाई जाएगी।

सेंचुरी भी होगी शामिल

इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज मॉन्युमेंट्स के साथ टूरिज्म डिपार्टमेंट ने इको टूरिज्म को भी इस डॉक्युमेंट्री में स्थान देने का मन बनाया है। इसी के चलते राष्ट्रीय धरोहरों के साथ चम्बल सेंचुरी भी इस डॉक्युमेंट्री का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। बताते चलें कि आगरा के चम्बल सेंचुरी और उससे लगे इटावा लॉयन सफारी के जरिए सूबे के सीएम अखिलेश यादव ईको टूरिज्म को खासा बढ़ावा देना चाहते हैं। इसी के मद्देनजर ईको टूरिज्म सीएम के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स का एक हिस्सा है।

Posted By: Inextlive