अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान में स्थित अमेरिकी राजदूत डेविड हेल को अपने देश में बड़े पद के लिए नामित किया है।

विदेश मंत्रालय में तीसरा सबसे बड़ा पद
वाशिंगटन (पीटीआई)।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को विदेश सेवा अधिकारी डेविड हेल को अमेरिका में राजनीतिक मामलों का विदेश मंत्री के पद पर नामित किया है। डेविड फिलहाल पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत हैं। राजनीतिक मामलों का विदेश मंत्री पद, विदेश मंत्रालय में विदेश मंत्री और उप विदेश मंत्री के बाद तीसरा सबसे बड़ा पद है। बता दें कि डेविड हेल, थॉमस ए शैनन की जगह लेंगे जो 4 जून को रिटायर हुए थे। 2015 से लेकर अब तक पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत हेल भारत और पाकिस्तान के संबंधों को ठीक करने का समर्थन करते रहे हैं।
कई पुरस्कार से सम्मानित
उन्होंने पहले 2013 से 2015 तक लेबनान में अमेरिका के राजदूत और 2005 से 2008 तक जॉर्डन में अमेरिकी दूत के रूप में काम किया है। इसके अलावा वाशिंगटन में, हेल ने 2009 से 2013 तक मिडिल ईस्ट शांति के लिए विशेष दूत और उप विशेष दूत के रूप में काम किया और 2008 से 2009 तक नियर ईस्टर्न मामलों के ब्यूरो में राज्य के उप सहायक सचिव के रूप में भी काम किया है। हेल ​​ने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी में स्कूल ऑफ फॉरेन सर्विस से विदेश सेवा में बैचलर ऑफ साइंस की पढ़ाई की थी। विदेश विभाग में अब तक उन्हें कई पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें प्रतिष्ठित सेवा पुरस्कार और मेधावी सेवा के राष्ट्रपति रैंक पुरस्कार शामिल हैं।

ट्रंप की बातों से निराश होकर एस्टोनिया में अमेरिकी राजदूत ने दिया इस्तीफा

तीसरी बार उत्तर कोरिया पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री, दूसरे दिन भी करेंगे परमाणु निस्त्रीकरण पर विस्तृत बात

 

 

Posted By: Mukul Kumar