किसी भी वार्ड में संपूर्ण रूप से नही उठ रहा कूड़ा

गलियों का कूड़ा उठाने में प्रयोग हो रही गाडि़यां

Meerut। गत माह शुरू हुए नगर निगम के डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान को शुरू हुए एक माह का समय होने जा रहा है, लेकिन निगम का यह अभियान अभी केवल 20 वार्डो तक सीमित है। लेकिन इन वार्डो में भी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन केवल कुछ गलियों तक सीमित है। एक बार गाड़ी भरने के बाद निगम कर्मी दोबारा वार्ड में आने की जहमत नही उठाते जिस कारण से वार्डो में सैकडों घर रोजाना कूड़ा निस्तारण से वंचित रह जाते हैं।

दिखावे तक सीमित

गत माह 29 अगस्त को शहर के 20 वार्डो में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन शुरु किया गया था। इस अभियान के लिए निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में 2-2 कूड़ा कलेक्शन गाडि़यों को लगाया गया जो प्रतिदिन सुबह छह बजे से दस बजे तक वार्ड में जाकर कूड़ा कलेक्शन करेंगी। लेकिन इस व्यवस्था के बाद भी शहर इन 20 वार्डो में से भी पूरी तरह कूड़ा कलेक्शन नही हो पा रहा है। वार्डो में आवासों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ वार्डों की दो चार गलियों में ही कूडे़ से गाड़ी भर जाती है जिस कारण से बचे हुए घरों को छोड़ दिया जाता है। ऐसे में कई कई गलियों में दो दो दिन बाद कलेक्शन का नंबर आता है।

उठ रहा गलियों का कूड़ा

डोर टू डोर कलेक्शन के लिए लगाई गई गाडि़यों को सिर्फ घरों से कूड़ा उठाने के लिए लगाया गया था लेकिन कई वार्डो में पार्षदों की मनमानी के चलते गाडि़यों में गलियों व सड़कों किनारे पड़ा कूड़ा भी भरा जा रहा है। इस कारण से भी गाडि़यों में डोर टू डोर के कलेक्शन से पहले ही गाडि़यां कूडे़ से भर जाती हैं।

इन वार्डो से उठ रहा कूड़ा -

वार्ड 1, 4, 8, 14, 16, 17, 20, 26, 27, 32, 35, 37, 44, 49, 50, 51, 52, 58, 67, 72

वार्ड में कूड़ा कलेक्शन गाड़ी का सही प्रकार से प्रचार ही नही किया गया जिस कारण से लोगों को गाडि़यों के आने का पता ही नही चलता। किसी गली में आज नंबर आता है तो किसी में दो दिन बाद, यह व्यवस्था केवल दिखावी साबित हो रही है।

धर्मवीर सिंह, पार्षद वार्ड संख्या 8

वार्ड के कैलाशपुरी मोहल्ले में कई ऐसी गलियां हैं जो संकरी होने के कारण वहां कूड़ा कलेक्शन की गाडि़या जा नही पाती हैं। ऐसे में कैलाशपुरी की गलियों से कूड़ा कलेक्शन नही हो पा रहा है।

राकेश शर्मा, पार्षद वार्ड संख्या 67

वार्ड से कूड़ा कलेक्शन तो हो रहा है लेकिन 2 गाडि़यों से पूरा वार्ड कवर होना संभव नही है। जब तक गाडि़यों की संख्या नही बढेगी तब तक सभी घरों से कूड़ा कलेक्शन नही हो सकेगा।

अहसान अंसारी, पार्षद वार्ड 72

कूड़ा कलेक्शन के लिए गाडि़यां दिखाई तो देती है लेकिन वो इतनी जल्दी कूडे से भर जाती हैं कि रोजाना हमारी गली का नंबर आ ही नही पाता, लेकिन हर दूसरे तीसरे दिन कूड़ा उठ जाता है।

जफर चौधरी

Posted By: Inextlive