JAMSHEDPUR: मानगो नगर निगम में चलाया जा रहा डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन पूरी तरह से फेल हो गया है। नगर निगम के तीनों जोनों में कूड़ा उठाव नहीं होने से चारों तरफ कूड़े का अंबार लगा हुआ है। गुरुवार की सुबह बारिश होने के बाद कूड़ा सड़ने से उठ रही दुर्गध से लोग परेशान रहे। बताते चलें कि नगर निगम क्षेत्र को कचरा मुक्त बनाने के लिए डस्टबिन हटाकर डोर-टू-डोर कलेक्शन की शुरुआत की गई थी, लेकिन आए दिन एजेंसी बदलने से इसकी रफ्तार मंद पड़ती जा रही है। आलम यह है तीन से चार दिन में कूड़ा उठान होने से गुस्साये लोगों ने कूड़ा देना ही बंद कर दिया है। नगर निगम द्वारा सड़कों से डस्टबिन हटाये जाने से लोग सड़क पर ही कूड़ा फेंक रहे हैं, जिससे आस-पास रहने वाले लोगों को रहना दूभर हो गया है।

गलियों में डाला जा रहा कूड़ा

मानगो नगर निगम में डोर टू डोर कलेक्शन को बढ़ावा देने के लिए सड़क किनारे लगे डस्टबिन और बकेट को हटा दिया गया है। जिसके चलते मजबूरन लोग गलियों के कोने में कूड़ा फेंक रहे हैं। आदर्श नगर निवासी मंजेश आनंद ने बताया कि तीन माह से कूड़ा लेने वाला आ ही नहीं रहा है। पहले भी दो से तीन दिन में एक दिन आता था। सड़क किनारे रखे डस्टबिन हटने से मजबूरन कूड़ा सड़क किनारे फेंकना पड़ता है। जब घर-घर कूड़ा का उठान संभव नहीं था तो डस्टबिन क्यों हटा दिये है। उन्होंने कहा कि बारिश में गंध के कारण सड़क किनारे से निकलना दूभर है।

नहीं बनी अच्छी योजना

मानगो में सबसे पहले डोर टू डोर कलेक्शन का आइडिया गार्बेज मूवर कंपनी ने दिया था। इसके बाद कई एनजीओ को डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन का जिम्मा सौंपा गया। जिसमें भारी अनियमिता और सही समय पर संसाधन न जुटा पाने के चलते योजना फ्लाप हो गई। एक के बाद एक कंपनियों ने मानगो की सफाई का जिम्मा लिया, लेकिन कोई भी सफल नहीं हो सका। इससे मानगो एरिया की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई। मानगो नगर निगम के सिटी मैनेजर रहमान ने बताया कि तीन जोन में बंटी हुई सफाई व्यवस्था में आठ और नौ जोन में कलेक्शन ठीक हो रहा है लेकिन जोन 10 में एजेंसी को नियमित पैसा नहीं मिलने के कलेक्शन बंद कर दिया है।

वेस्ट कलेक्शन की शुरुआत होने से अच्छा लगा था, लेकिन इसके बंद होने से उतनी ही निराशा हो रही है। तीन-चार महीने से कलेक्शन बंद होने से कूड़ा फेंकने के लिए परेशान होना पड़ता है। सड़क पर रखे डस्टबिन भी हटा दिए गए हैं। आखिर अब लोग कहां पर कूड़ा जमा करें।

दिलीप कुमार

आदर्शनगर उलीडीह मानगो

अपार्टमेंट में डोर टू डोर कलेक्शन हो रहा है, लेकिन एजेंसी सोसायटी में इसका संचालन नहीं कर पा रही है। नगर निगम के अफसरों को समझना होगा कि बकेट हटाने से कूड़ा कम नहीं हो जाएगा। नगर निगम को चाहिये कि अभियान को सफल बनाया जाए।

चंद्रदीप कुमार

पोस्ट ऑफिस रोड, मानगो

कूड़ा वाले के आने से कूड़ा डालते थे, लेकिन 15 दिन से कलेक्शन बंद है। इससे कूड़ा डालने में दिक्कत हो रही है। नियमित वेस्ट कलेक्शन नहीं होने से मैंने कूड़ा देना बंद कर दिया है। मानगो नगर निगम के कर्मचारियों अधिकारी बेहद सुस्त है जिसके चलते क्षेत्र में कभी झाड़ू भी नहीं लगती है।

उपेन्द्र परमार

टीचर्स कॉलोनी, मानगो

बकेट और डस्टबिन हटाने से लोग रास्ते में कूड़ा डाल रहे है। कई बार नगर निगम कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कोई सुनने वाला ही नहीं है। क्षेत्र में सफाई के काम ही दिखाये जा रहे हैं। शर्मा लाइन में लोगों ने सड़क पर ही कूड़ा डालना शुरू कर दिया है।

मनोज शर्मा

अजाद बस्ती, रोड नं 9, मानगो

मानगो को तीन जोन में डिवाइड कर कूड़ा कलेक्ट किया जा रहा है। दो दोनों में नियमित उठाव हो रहा है, जबकि एक 10 नंबर जोन में काम चल रहा है। अगर नगर निगम में नियमित उठाव नहीं हो रही है तो इसके लिए सिटी मैनेजर को भेजकर निरीक्षण और कार्रवाई की जाएगी। जिस इलाके में ज्यादा समस्या है, वहां पर फिर से डस्टबिन रखे जाएंगे।

राजेंद्र कुमार गुप्ता

कार्यपालक पदाधिकारी

मानगो नगर निगम

Posted By: Inextlive