RANCHI: शाम में लालपुर थाना में दो सगे भाइयों हेमंत अग्रवाल व महेंद्र अग्रवाल की मिसिंग रिपोर्ट दर्ज की गई और सुबह में अरगोड़ा के पॉश इलाके अशोक नगर स्थित एक निजी न्यूज चैनल (जो कई महीने से बंद चल रहा था) के ऑफिस में दोनों की लाश मिल गई। इसके बाद मर्डर को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। लोगों के बीच पूरे मामले में कहीं ना कहीं चैनल की फ्रेंचाइजी लेनेवाले लोकेश चौधरी का नाम आ रहा है। मौके पर सिटी एसपी सुजाता वीणापानी के बयान के बाद यह साफ होता जा रहा है कि मर्डर किसने और किस वजह से की है।

क्या है मामला

सिटी एसपी ने कहा कि शाम को लालपुर थाना क्षेत्र से पुलिस को एक मिसिंग की सूचना मिली। न्यूज चैनल की फ्रेंचाइजी लेनेवाले लोकेश चौधरी ने इन दोनों से पैसे लिए थे और दोनों भाई सुबह में पैसे मांगने लोकेश चौधरी के पास ही आए थे। इसी खोजबीन के क्रम में अशोकनगर स्थित न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस पहुंची। पुलिस ने जब छानबीन की तो उन्होंने देखा कि दोनों भाइयों की डेड बॉडी कार्यालय के एक कमरे में पड़ी हैं। अभियुक्त लोकेश चौधरी और उनके साथ जो भी साथी रहे होंगे वो फिलहाल फरार चल रहे हैं। सिटी एसपी ने बताया कि उनकी हत्या गोली मार कर की गई है। आस-पास के लोगों ने बताया कि उन्हें बुधवार की शाम को चार गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी। एसपी ने बताया कि ये दोनों धनबाद के रहने वाले हैं। लेकिन रांची के लालपुर में रहते थे। दोनों भाई कार्गो का काम करते थे। साथ ही सूद पर पैसा लगाने का काम भी किया करते थे।

5.50 लाख की हुई थी लेनदेन

मामले पर विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि लोकेश चौधरी और अग्रवाल ब्रदर्स के बीच पैसे की लेनदेन हुई थी। बताया जाता है कि 5.50 लाख रुपए का लेनदेन हुई थी। कई दिनों से अग्रवाल ब्रदर्स लोकेश से अपना पैसा वापस मांग रहे थे। लोकेश हर बार पैसा लौटाने में बहानेबाजी करता था। पैसे को लेकर दोनों पक्षों में कई बार तू-तू मैं-मैं भी हुई है। बताया जा रहा है कि हेमंत और महेंद्र ने लोकेश से बुधवार की शाम को बात की। लोकेश ने उन दोनों को अशोक नगर के बंद पड़े चैनल के कार्यालय में बुलाया। इसके बाद से ही दोनों भाई गायब चल रहे थे। फरार चल रहे लोकेश चौधरी का न्यूज चैनल के साथ कॉन्ट्रैक्ट करीब तीन महीना पहले ही खत्म हो गया था। तीन महीने से यहां चैनल का कोई कर्मी आता-जाता नहीं था। बस कभी-कभी लोकेश चौधरी ही यहां आते-जाते थे।

कमरे में पाए गए मृत

गुरुवार की सुबह पुलिस को मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों भाइयों की स्कूटी अशोक नगर में मिली। पुलिस ने मकान संख्या 199 /सी के अंदर से दोनों भाइयों की स्कूटी बरामद की। शक के आधार पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर तलाशी ली तो दोनों भाई एक ही कमरे में मृत पाए गए।

आरजेडी का टिकट पाने की चाह में लोकेश चौधरी

लोकेश चौधरी बिहार का रहने वाला है, वह झारखंड में एक निजी चैनल की फ्रेंचाइजी लेकर उसका संचालन कर रहा था। पिछले शनिवार को उसने टिकट पाने की चाह में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से भी मुलाकात की थी। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। टेक्निकल सेल को लोकेश चौधरी का लोकेशन बिहार में मिला है, उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive